दलाई मुद्दा: चीन ने भारत पर तनाव भड़काने का लगाया आरोप

Thursday, Apr 06, 2017 - 06:26 PM (IST)

बीजिंग: चीन ने आज कहा कि उसने बीजिंग और नई दिल्ली दोनों जगहों पर दलाई लामा की अरूणाचल प्रदेश यात्रा पर अपना विरोध दर्ज कराया है और विवादित क्षेत्र में तिब्बती आध्यात्मिक नेता को जाने की अनुमति देकर उसपर ‘‘तनाव भड़काने’’ का आरोप लगाया है।   


चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयांग ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कल कहा,‘‘मैं पुष्टि कर सकती हूं कि चीन ने बीजिंग और दिल्ली में विरोध दर्ज कराया है।’’ हुआ ने कहा कि बीजिंग में चीन में भारतीय दूत विजय गोखले के समक्ष विरोध दर्ज कराया गया।दिल्ली में विदेश मंत्रालय के सक्षम अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई गई।

यह पूछे जाने पर कि क्या बीजिंंग 81 वर्षीय दलाई लामा को अरूणाचल प्रदेश जाने की भारत की अनुमति को ‘एक चीन’ नीति पर सवाल की तरह देखता है, हुआ ने कहा, ‘‘मैं फिर से जोर देना चाहूंगी कि चीन के अहम चिंता और मुख्य हितों, क्षेत्रीय और संप्रभुता संबंधी मुद्दों पर चीन का रूख समान रहा है।’’ उन्होंने कहा,‘‘चीन और भारत के बीच विवादित इलाके में दलाई लामा के दौरे को मंजूरी और आमंत्रित कर भारत ने हमारे हितों और भारत-चीन संबंधों को नुकसान पहुंचाया है और तनाव को भड़काया है।’’ उन्होंने कहा,‘‘हम संबंधित इलाके के दौरे का विरोध करते हैं और चीन विरोधी गतिविधियों के वास्ते दलाई लामा के लिए मंच की व्यवस्था कर संबंधित देशों की कोशिशों का विरोध करते हैं। हम संबंधित देशों से इस तरह के त्रुटिपूर्ण कदमों को रोकने और चीनी हितों को कम करके आंकना बंद करने का अनुरोध करते हैं।’’ 

Advertising