अमेरिकाः व्हाइट हाउस के पास हिंसक प्रदर्शनों के बाद वॉशिंगटन में भी कर्फ्यू लागू

Monday, Jun 01, 2020 - 11:51 AM (IST)

वॉशिंगटनः अमेरिका के मिनीपोलिस में जार्ज फ्लॉयड नामक अश्वेत व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत के बाद भड़की हिंसा व प्रदर्शन वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस तक आ पंहुचे। प्रदर्शनकारियों के रोद्र प्रदर्शन को देखते हुए वाशिंगटन डी.सी में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वाशिंगटन डी.सी की मेयर मूरियल बोसर ने कहा कि मिनीपोलिस की पुलिस हिरासत में एक निहत्थे जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद व्हाइट हाउस के बाहर रविवार रात को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर वह शहरव्यापी कर्फ्यू लगाया गया है ।

 

उन्होंने कहा कि कर्फ्यू  31 मई रविवार रात 11 बजे से 1 जून सोमवार सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा उन्होंने स्थानीय पुलिस के समर्थन के लिए डी.सी. नेशनल गार्ड को भी बुलाया है। अमेरिका की राजधानी में फ्लॉयड की मौत के विरोध में रविवार को लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन हुआ। वाशिंगटन डीसी के चीफ ऑफ पुलिस पीटर न्यूजहैम ने कहा, 'मेट्रोपॉलिटन पुलिस डिपार्टमेंट ने शनिवार रात 17 लोगों को गिरफ्तार किया और विरोध-प्रदर्शन के दौरान 11 पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं।'

 

गौरतलब है कि एक श्वेत पुलिस अधिकारी डेरेक चाउविन ने 25 मई को 46 साल के फ्लॉयड को उसकी गर्दन पर घुटना रखकर पकड़ा। इस दौरान वह बार-बार निवेदन कर कहता रहा, 'मैं सांस नहीं ले सकता...प्लीज, मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं। मुझे छोड़ें।' हालांकि, बाद में पुलिस अधिकारी को थर्ड डिग्री देने और हत्या के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।

Tanuja

Advertising