काम की खबर: नोटबंदी के बीच लुढ़केंगे पेट्रोल के दाम!

Tuesday, Nov 22, 2016 - 08:51 PM (IST)

लंदन: कच्चे तेल की कीमतों में संतुलन लाने के लिए तेल निर्यातक देशों के समूह ओपेक के विशेषज्ञों की मंगलवार को हो रही बैठक के परिणाम से जुड़े असमंजस से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में भारी उतार-चढ़ाव रहा। फिलहाल ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना में उत्पादन कटौती समझौते को लेकर ओपेक अधिकारियों की बैठक हो रही है। ओपेक देशों की 30 नवंबर को होने वाली राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा होगी। 
 

विशेषज्ञों की बैठक के बाद ही आगे का रास्ता साफ हो पाएगा। विश्लेषकों की राय में उहापोह की इस स्थिति के कारण आज एक समय लंदन में ब्रेंट क्रूड के वायदे में भारी उछाल देखा गया और इसकी कीमत 49.96 डॉलर प्रति बैरल हो गई। हालांकि, बाद में जैसे-जैसे समझौते को लेकर संशय बढऩे लगा वैसे-वैसे इसकी कीमत गिरने लगी और यह 47.47 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया। 
 

जनवरी का अमेरिकी स्वीट क्रूड वायदा भी 0.17 डॉलर की गिरावट के साथ 48.07 डॉलर प्रति बैरल बोला गया। लगातार चार दिन की बढ़ोतरी के बाद कच्चे तेल में गिरावट आई है। कच्चे तेल की यह गिरावट पेट्रोल के दामों में गिरावट ला सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह आर्थिक आपातकाल के बीच भारतीय जनता के लिए एक बड़ी राहत होगी।

Advertising