अमेरिका में गायों को गले लगाने के लिए हजारों रुपए खर्च रहे लोग, खास है वजह

Tuesday, Oct 30, 2018 - 01:39 PM (IST)

न्यूयॉर्कः विज्ञान ये कई बार साबित कर चुका है कि मानव मस्तिष्क को जानवरों के साथ खेलने और समय बिताने से सुकून मिलता है। इसके कई उदाहरण भी देखने को भी मिल जाते हैं। कई देशों के लोग दोस्तों और परिवार वालों से ज्यादा समय अपने पालतू पशुओं के साथ बिताना पसंद करते हैं। भारत में कुत्तों के अलावा गाय और भैंस पालने का चलन है। भारत में गाय से होने वाले फायदों के कारण इसे माता का दर्जा दिया गया है। भारत में विमर्श का मुद्दा तक बन चुकी गाय पर इन दिनों अमेरिका में भी प्रेम उड़ेला जा रहा है। 

इन दिनों अमेरिका में एक विशेष प्रकार का अभियान छेड़ा गया है, जिसे Cow Cuddling यानी गाय को गले लगाना भी कह रहे हैं। इस अभियान में यूएस की जनता बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। यहां तक कि इसके लिए जमकर पैसे भी खर्च कर रही है। अमेरिका में चल रहे इस अभियान में लोग प्रति 90 मिनट गाय को गल लगाने के एवज में 300 डॉलर खर्च कर रहे हैं। भारतीय मुद्रा के अनुसार यह रकम 22 हजार के आस-पास बैठती है। अब आप सोच रहे होंगे कि 90 मिनट में क्या होता है। इन 90 मिनट में लोग जानवरों के साथ रिलैक्स करते हुए समय बिताते हैं। इस ट्रेंड का उद्देश्य जानवरों की देखभाल और सुरक्षा करना है। लेकिन सवाल ये उठता है कि ऐसा करने से फायदा क्या है।

दरअसल, न्यूयॉर्क के माउंटेन हॉर्स फार्म में एक कार्यक्रम चलाया गया था। इसे हॉर्स और काउ एक्सपीरियंस का नाम दिया गया था। इस कार्यक्रम में जानवरों के साथ खेलना और समय बिताना शामिल था। लेकिन अगर जानवर खेलने के मूड में नहीं है तो आप उन्हें गले लगाकर बैठ सकते हैं। इससे लोगों को पॉजिटिव महसूस हो रहा है, क्योंकि इसके पीछे वैज्ञानिक कारण हैं।

गायों के शरीर का तापमान मानव शरीर से ज्यादा होता है। इसके अलावा, उनकी धड़कन भी मनुष्यों के हृदय की गति से तेज होती है। इसलिए जैसे ही आप किसी गाय को गले लगाते हैं, तुरंत आपकी हृदय गति और शरीर का तापमान सामान्य हो जाता है। हालांकि, किसी वैज्ञानिक ने इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन जिस संस्थान ने इस अभियान की शुरुआत की थी, उसकी वेबसाइट पर ऐसा लिखा गया है। इस अभियान में घोड़ों को भी रखा गया है। लोग इसका हिस्सा बनने के लिए 75 डॉलर प्रति घंटा खर्च कर रहे हैं। 
 

Tanuja

Advertising