कोरोना से नहीं बचा दुनिया का कोई कोना, अब अंटार्कटिका में भी पहुंच गया वायरस

Wednesday, Dec 23, 2020 - 09:51 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः कोरोना वायरस अब दुनिया के हर कोने तक पहुंच गया है। अंटार्कटिका में चिली के सैन्य और रिसर्च बेस भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इसके साथ ही वायरस ने हर महाद्वीप को अपनी चपेट में ले लिया है। जनरल बर्नार्डो ओ हिगिंस रिकल्मे बेस पर 36 लोगों को सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। माना जा रहा है कि 27 नवंबर को चिली से यहां आई डिलिवरी के साथ वायरस आ पहुंचा। कोरोना पॉजिटिव लोगों में 26 सैन्यकर्मी हैं जबकि 10 ठेकेदार हैं जो फसिलटी में मुरम्मत का काम करते हैं। चिली  सेना का कहना है कि सभी गैर जरूरी स्टाफ को वापस बुला लिया गया है। बताया जाता है कि बेस पर 60 लोग रह सकते हैं जिनमें वैज्ञानिक भी शामिल हैं। यहां कुल 24 ठेकेदार काम कर रहे थे।

 

अभी तक सिर्फ अंटार्कटिका दुनिया का ऐसा कोना था जहां घातक कोरोना वायरस नहीं पहुंचा था जो दुनियाभर में करीब 8 करोड़ लोगों को शिकार बना चुका है। महामारी को देखते हुए पर्यटन भी रोक दिया गया था। यहां तक कि करीब 70 बेस भी बाकी दुनिया से कट गए थे। इससे सभी का काम रुका हुआ है। बता दें कि दुनियाभर में जहां 17 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं चिली में 589,189 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। यहां 16 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वायरस का सामना करने के लिए दुनिया की बड़ी फार्मा कंपनियां वैक्सीन बनाने में जुटी हैं और अमेरिका-ब्रिटेन में ट्रायल के बाहर Pfizer की वैक्सीन देने का काम शुरू हो चुका है। अमेरिका में Moderna की वैक्सीन भी दी जाने लगी है।

Tanuja

Advertising