कोरोना वायरस: चमगादड़ खाती दिखी चीनी महिला, सोशल मीडिया पर Video Viral

Friday, Jan 24, 2020 - 02:35 PM (IST)

बीजिंगः चीन में इन दिनों जहां कोरोना वायरस से दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं इसी बीच एक चीनी महिला का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो में दिख रहा है कि एक चीनी महिला एक फैंसी रेस्टोरेंट में पूरा चमगादड़ खा गई। बता दें कि कुछ दिन पहले चीनी वैज्ञानिकों ने दावा किया था कि कोरोना वायरस चमगादड़ों और सांपों से इंसानों में आया है। यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब चीन में कोरोना वायरस ने करीब 25 लोगों की जान ले ली है और करीब 830 से ज्यादा लोगों के इससे पीड़ित होने की पुष्टि हुई है।

 

मजे से खा रही चमगादड़
वीडियो में दिख रहा है कि चीनी महिला चॉपस्टिक्स से चमगादड़ को पकड़कर उसके पंख को खा रही है। यह चमगादड़ बड़े पॉट में टेबल के बीच में रखा हुआ है। चमगादड़ खाने का पहला वीडियो Weibo पर है जिसे हांगकांग के एप्पल डेली ने शेयर किया है। वहीं दूसरा वायरल वीडियो एक चाइनीज ब्लॉगर Chen Qiushi ने ट्विटर पर शेयर किया है। इन वीडियो को अभी तक कई लोग देख चुके हैं।

क्या है कोरोना वायरस के लक्षण

  • कोरोना वायरस के संक्रमण से बुखार, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना और गले में खराश जैसी समस्याएं होती हैं।
  • यह निमोनिया का कारण भी बन सकता है। 
  • यह इंसान से इंसान तक पहुंच रहा है।

चीन में चमगादड़ों का इस्तेमाल दवाई बनाने में
चमगादड़ों का इस्तेमाल पारंपरिक चीनी दवाई बनाने में किया जाता है। जिसका इस्तेमाल खांसी, मलेरिया के इलाज में होता है। इतना ही नहीं चीन में माना जाता है कि चमगादड़ का मल भी आंखों की बीमारियों को सही करने में मददगार है।

9 शहरों में सफर पर बैन
खतरनाक कोरोना वायरस के फैलने की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार को चीन ने इससे प्रभावित शहर के आसपास मौजूद नौवें शहर में यात्रा प्रतिबंध लगा दिया जिससे यात्रा प्रतिबंध के दायरे में अब तक तीन करोड़ से अधिक की आबादी आ गई। चीन के हुबेई प्रांत के जिंगझोऊ में इस विषाणु का सबसे पहले पता चला था। जिंगझोऊ के अधिकारियों ने कहा कि शहर से गुजरने वाली सभी रेल सेवाएं अंतर्राष्ट्रीय समयानुसार सुबह चार बजे से बंद रहेंगी जबकि सार्वजनिक बसें, यात्री परिवहन, पर्यटन बसें, फेरी एवं अन्य नौका सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। हुबेई के आसपास इस यात्रा प्रतिबंध से करीब 3.2 करोड़ लोग प्रभावित हैं। इससे पहले गुरुवार को 8 शहरों पर बैन लगाया गया था।

Seema Sharma

Advertising