अफगानिस्तान में तालिबान सदस्यों को लेकर जा रही मिनी बस पर हमला, 2 की मौत व 20 से अधिक घायल

Monday, Jul 04, 2022 - 05:12 PM (IST)

काबुल: अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में तालिबान के सदस्यों को लेकर जा रही मिनी बस पर हमले का समाचार है। टोलो न्यूज के अनुसार अज्ञात लोगों ने हेरात शहर के केंद्र में तालिबान 207 अल-फारूक कार्प्स के सदस्यों को ले जा रही एक मिनीबस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले में दो सैनिक मारे गए हैं। जबकि 20 से अधिक सैनिक और नागरिक घायल हो गए हैं।

 

टोलो न्यूज ने पश्तो में ट्वीट कर कहा, 'अज्ञात बंदूकधारियों ने पश्चिमी हेरात प्रांत में अल-फारूक कार्प्स के एक काफिले पर हमला कर दिया है। स्थानीय अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने सुरक्षा बलों के हताहत होने के बारे में नहीं बताया।'घायलों को हेरात केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया है। दो जुलाई को अफगानिस्तान के पूर्वी नंगरहार प्रांत के एक धार्मिक स्कूल में अज्ञात लोगों द्वारा हथगोला फेंके जाने से आठ लोग घायल हो गए थे। यह हमला राजधानी काबुल में तीन दिवसीय धार्मिक विद्वानों और बुजुर्गों की सभा के बीच हुआ, जिसका समापन शनिवार को होगा। 

 

जब से तालिबान ने अफगानिस्तान पर नियंत्रण कर लिया है, तब से विस्फोट और हमलों मेंं नागरिकों की निरंतर हत्या, मस्जिदों और मंदिरों को नष्ट करना, महिलाओं पर हमला करना और क्षेत्र में आतंक को बढ़ावा देना एक रूटीन बन गया है।  बता दें कि अफगानिस्तान सबसे खराब मानवीय संकट का सामना कर रहा है, जिसमें आधी से अधिक आबादी को सहायता की आवश्यकता है। आठ मिलियन से अधिक लोग भूख से मर रहे हैं। 

 

Tanuja

Advertising