चीन की इस हरकत से जापान का भड़कना तय

Monday, Jan 09, 2017 - 12:02 PM (IST)

बीजिंगःचीनी तटरक्षक पोतों ने रविवार को पूर्वी चीन सागर के जापान के नियंत्रण वाले दियाओयु द्वीप समूह के विवादित जल क्षेत्र में अपनी गश्त बढ़ा दी। चीन की इस हरकत से जापान का भड़कना तय माना जा रहा है। हाल के हफ्तों में सरकारी मीडिया में आई रिपोर्ट में चीनी तटरक्षक बल के पोतों द्वारा लगातार गश्त करने की खबरों की बात कही गई थी। यह उसके जापानी समकक्षों के साथ अक्सर झगड़े का कारण है।

दरअसल, दोनों देश उन द्वीपों पर अपने देश के दावों को लागू करने पर अड़े हैं, जिनका प्रशासन टोक्यो के नियंत्रण में है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, तीन चीनी तटरक्षक (सीसीजी) पोतों ने दियाओयु द्वीप समूह के जलक्षेत्र में गश्त की। जापान इन द्वीपों को सेनकाकू कहता है। चीनी प्रशासन ने कहा कि बीजिंग नियमित आधार पर इस तरह की गश्त लगाता रहता है।जापान और चीन के बीच पूर्वी चीन सागर में विवादित द्वीपों पर तनाव साल 2012 से बढ़ा है। इन वर्षो में चीन की समुद्री क्षेत्रों को लेकर आक्रामक नीति रही है। चीन ने दक्षिणी चीन सागर के अपने दावे पर जोर देते हुए हिंद महासागर और पूर्वी चीन सागर में भी गश्त शुरू की है।

Advertising