हिटलर सैल्यूट के लिए दो चीनी पर्यटक हिरासत में

Sunday, Aug 06, 2017 - 06:21 PM (IST)

बर्लिन: जर्मन संसद भवन के सामने तस्वीर खिंचवाने के लिए हिटलर सैल्यूट की मुद्रा बनाने पर दो चीनी पर्यटकों को हिरासत में लिया गया है।

एक पुलिस प्रवक्ता ने आज यहां बताया। अधिकारियों ने जर्मन राजधानी के मध्य में स्थित एक ऐतिहासिक इमारत के समक्ष सैलानियों को यह प्रतिबंधित मुद्रा अपनाते हुए देखा। वे एक दूसरे की तस्वीर खींच रहे थे।  पुलिस प्रवक्ता ने बताया,‘‘असंवैधानिक संगठनों की मुद्राओं का उपयोग करने के शक में 36 और 49 साल के 2 चीनी पुरूषों के खिलाफ जांच शुरू की गई है।’’

स्थानीय पुलिस थाने में दोनों चीनियों से पूछताछ की गई और 500 यूरो अदा करने पर उन्हें छोड़ दिया गया। इस तरह के अपराधों के लिए तीन साल तक की कैद की सजा या जुर्माना सुनाया जा सकता है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान दोनों देश छोड़ सकते हैं। अगर उनपर कोई जुर्माना हुआ तो उनकी तरफ से पहले से ही चुकाई गई जमानत राशि उसकी भरपाई करेगी।  

Advertising