चींटियों ने चीनी नागरिक को करवा दी 1 साल की जेल, केन्या की कोर्ट ने सुनाया फैसला
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 06:46 PM (IST)
International Desk: चींटियों जैसी छोटी चीज ने एक बड़े अपराध का खुलासा कर दिया। केन्या (Kenya) में चींटियों की वजह से चीन (China) के एक नागरिक को जाना पड़ गया। केन्या की एक अदालत ने चीटियों की तस्करी करने का दोषी पाए जाने पर एक चीनी नागरिक को बुधवार को एक वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। चीनी नागरिक कई विशेष ट्यूब में चीटियों की कथित तौर पर तस्करी कर रहा था। बिना लाइसेंस के वन्यजीवों को कब्जे में रखने के आरोप में दोषी ठहराए जाने के बाद झांग केकुन पर दस लाख केन्याई शिलिंग (7,700 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना भी लगाया गया। इस मामले ने दिखा दिया कि अब तस्करी का जाल सिर्फ बड़े जानवरों तक सीमित नहीं, बल्कि छोटे जीव भी अंतरराष्ट्रीय काले कारोबार का हिस्सा बन चुके हैं।
केन्या ने पहले भी बेल्जियम के किशोरों पर जुर्माना लगाया था, जिनके कब्जे में रानी चींटियां पाई गयी थी। इन चींटियों का उपयोग खाने के लिए किया जाता है और यूरोप तथा एशिया में इन्हें पालतू के रूप में भी रखा जाता है। केकुन के साथ इस मामले में केन्याई नागरिक चार्ल्स म्वांगी को भी आरोपी बनाया गया था जिसने आरोप स्वीकार नहीं किए और उसे नकद जमानत पर रिहा कर दिया गया। अभियोजकों के अनुसार, केकुन कथित तौर पर म्वांगी से चींटियां हासिल कर रहा था और उसने शुरुआती 600 चींटियों के लिए 60,000 केन्याई शिलिंग (463 अमेरिकी डॉलर) तथा 700 चींटियों की एक अन्य खेप के लिए 70,000 शिलिंग (540 अमेरिकी डॉलर) का भुगतान किया था। अधिकारियों द्वारा 10 मार्च को संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से विशेष ट्यूबों में रखी 1,948 गार्डन चींटियां और टिशू रोल में रखी अतिरिक्त 300 चींटियां बरामद की गईं।
