शख्स ने नूडल्स से बनाया अनोखा घर , तस्वीरें हो गईं वायरल

Tuesday, Sep 17, 2019 - 11:47 AM (IST)

बीजिंगः लोग अक्सर नूडल्स का इस्तेमाल खाने के लिए करते हैं लेकिन चीन में एक शख्स ने नूडल्स का ऐसा अजीब इस्तेमाल किया कि सोशल मीडिया पर उसकी खूब चर्चा हो रही है। जल्द ही पिता बनने वाले इस शख्स ने नूडल्स की मदद से एक छोटा सा घर बना दिया है। आने वाले बच्चे को उपहार देने के लिए उसने इस घर को बनाया है। झांग नाम के शख्स ने इस अनोखे घर को तैयार किया है।

इस प्लेहाउस को बनाने के बाद झांग ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की। तस्वीरों के वायरल होते ही वो सुर्खियों में आ गए। झांग ने बताया कि उन्होंने एक्सपायर हो चुके 2000 नूडल्स के पैकेट की मदद से इस घर को बनाया है। चार स्कवायर मीटर के क्षेत्र में बने इस घर में एक बेड भी लगा हुआ है। इस बेड पर एक व्यस्क इंसान भी आराम से सो सकता है। घर में लाइट्स भी लगे हुए हैं। यहीं नहीं, झांग ने इस घर में खिड़की भी बनाई है। नूडल्स की मदद से बना यह प्लेहाउस इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है।

झांग ने बताया कि मेरा एक दोस्त नूडल्स का होलसेलर है। उसके पास एक्सपायर हो चुके नूडल्स का एक बैच पड़ा हुआ था। वह खराब हो चुके इन नूडल्स के पैकटों को फेंकना चाहता था, लेकिन मैंने उसे ऐसा करने से रोक दिया। मैंने इन्हीं नूडल्स के पैकटों की मदद से इस घर को बना दिया। सोशल मीडिया पर वायरल झांग के इस काम की कुछ लोग तारीफ कर रहे हैं तो कुछ लोग इसकी आलोचना भी कर रहे हैं।

आलोचना करते हुए कुछ लोगों ने कहा कि एक्सपायर हो चुके इन नूडल्स को अगर बच्चे ने गलती से खा लिया तो परेशानी हो सकती है। यही नहीं, कुछ लोगों ने कहा कि खराब हो चुके नूडल्स कई तरह के कीड़े और बीमारियों को भी जन्म देते हैं। बच्चे के स्वास्थ्य के लिहाज से इस घर को बनाना सही नहीं है।
 

Tanuja

Advertising