वैलेंटाइन पर यहां महिलाओं को लगी मौज, कंपनी दे रही ‘डेटिंग लीव और सैलरी बोनस भी

Sunday, Feb 10, 2019 - 12:24 PM (IST)

बीजिंगः चीन में वैलेंटाइन पर 30 पार महिलाओं की मौज लग गई है। यहां के लोग इस वक्त चाइनीज न्यू ईयर (स्प्रिंग फेस्टिवल) का जश्न मना रहे हैं। यूं तो यहां कंपनियों ने अपने सभी कर्मचारियों को 4 से 10 फरवरी तक लंबा वीकेंड दिया है लेकिन, अविवाहित महिला कर्मचारियों पर कुछ कंपनियां अलग से मेहरबान हुई हैं। कंपनियों ने 30 वर्ष से ऊपर की महिला कर्मचारियों को स्पेशल ‘डेटिंग लीव’ दी हैं। इस तरह इनका वीकेंड 15 दिन का हो गया है।

चीन की लोकल मीडिया के मुताबिक, इन छुट्टियों में और भी इजाफा किया जा सकता है। दरअसल, 30 वर्ष से ऊपर की महिला कर्मचारियों को ये छुट्टियां जीवनसाथी खोजने के लिए दी गई हैं। चीन में 25 साल से ऊपर की महिलाओं के लिए शादी करने के मौके काफी कम हो जाते हैं। यहां की अधिकांश महिलाएं करियर पर फोकस करने के लिए शादी को नजरअंदाज कर रही हैं। ऐसे में उनकी मुश्किल आसान करने के लिए कुछ कंपनियों ने यह कदम उठाया है। कंपनी ने प्यार की खोज के लिए छुट्टियां तो बोनस में दी ही हैं, लेकिन अगर कोई महिला कर्मचारी इन छुट्टियों का इस्तेमाल करते हुए पार्टनर ढूंढ़कर 2019 में ही घर बसा लेती है तो कंपनी की ओर से उसे सैलरी बोनस भी मिलेगा।

चीन की एक कंपनी के एचआर मैनेजर हुएंग ली के अनुसार, छुट्टियों के साथ अतिरिक्त ब्रेक पाकर महिला कर्मचारी भी काफी खुश हैं। हुएंग का कहना है कि उनकी कंपनी में महिला और पुरुष बराबर हैं, लेकिन महिलाएं बाहरी दुनिया से कम ही ताल्लुक रख पाती हैं। ऐसे में कंपनी ने उन्हें ज्यादा टाइम देने के आइडिया पर फोकस किया, ताकि उन्हें प्यारभरे रिश्ते बनाने का अवसर मिल सके। कंपनी अगले साल इस पॉलिसी में और भी इजाफा कर सकती है। इसी महीने की शुरुआत में चीन के एक माध्यमिक विद्यालय में सिंगल और नि:संतान टीचर्स को महीने में दो बार ‘लव लीव’ एप्लाई करने की सुविधा दी थी।

Tanuja

Advertising