ताइवान ने लिथुआनिया में खोला दफ्तर, बौखलाए चीन ने दी कार्रवाई की धमकी

Saturday, Nov 20, 2021 - 12:44 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः चीन की धमकियों के बीच ताइवान ने लिथुआनिया की राजधानी विलनियस में अपना प्रतिनिधि कार्यालय खोल लिया है। इससे चीन बुरी तरह बौखला गया है और  नाराज हो गया है। उसने लिथुआनियाई पक्ष से ताइवान को उसके देश में दफ्तर खोलने देने के फैसले को तुरंत दुरुस्त करने को कहा है। चीन ने शुक्रवार को लिथुआनिया के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की धमकी भी दी।


स्वशासित द्वीप ताइवान और लिथुआनिया, जुलाई में इस बात पर सहमत हुए थे कि विलनियस के कार्यालय को चीनी ताइपे के बजाय ताइवान के नाम से संबोधित किया जाएगा। कई देश चीन को नाराज ना करने के लिए ताइवान को चीनी ताइपे कहते हैं क्योंकि चीन, ताइवान को अपना क्षेत्र बताता है।लिथुआनिया के विदेश मंत्री गेब्रियल लैंडसबर्गिस ने कहा, हम पूरे एशियाई और हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र में सभी के साथ करीबी संबंध चाहते हैं।

 

इस ग्रीष्मकाल में, विलनियस में ताइवान कार्यालय खोलने की योजना तय होने के बाद चीन ने विलनियस से अपने राजदूत को वापस बुला लिया था और मांग की थी कि लिथुआनिया भी बीजिंग से अपने दूत को वापस बुला ले। उधर, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने धमकाया कि लिथुआनिया जो बोएगा वही काटेगा। हालांकि उन्होंने इसका कोई विवरण नहीं दिया।

Tanuja

Advertising