डोकलाम विवाद के बीच चीन की नौसेना ने हिंद महासागर में किया लाइव फायर ड्रिल(Pics)

Saturday, Aug 26, 2017 - 10:43 AM (IST)

बीजिंग: चीन की नौसेना ने समुद्र में लड़ने की अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने के लिए हिंद महासागर में लाइव फायर ड्रिल की।  

चीन की सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ ने आज एक खबर में कहा कि चीन के युद्धपोत चांगचुन, मार्गदर्शक मिसाइल फ्रिगेट जिंगझोउ और आपूर्ति पोत चाओहू ने पश्चिमी हिंद महासागर में अभ्यास किया। बेड़े ने कई दिनों तक चले अभ्यास के दौरान ‘‘दुश्मन’’ के जहाजों पर हमले किए। 


अब तक 10 देशों की नौसेनाओं के साथ चीन ने किया संयुक्त अभ्यास
चीनी बेड़े के चीफ ऑफ स्टाफ चेन देनन ने कहा कि अभ्यास का मकसद लड़ाई की वास्तविक परिस्थितियों में जहाजों के प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।खबर के मुताबिक, चीन का बेड़ा एशिया, यूरोप, अफ्रीका और ओशिनिया की अद्र्धवार्षिक मैत्री यात्रा पर है और उसने 23 अप्रैल को यात्रा शुरु होने के बाद से 10 देशों की नौसेनाओं के साथ संयुक्त अभ्यास किया है।  


अमरीका, जापान, भारत ने की थी मालाबार ड्रिल
कुछ ही समय पहले अमरीका और जापान के साथ भारत की नौसेना ने हिंद महासागर में मालाबार नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा लिया था। वहीं चीन की एयरफोर्स ने गुरुवार को लंबी दूरी तक सैन्य अभ्यास किया और यह देर रात तक चला। सिक्किम के डोकलाम में भारत के साथ गतिरोध के बाद से चीन, तिब्बत में कई बार लाइव फायर अभ्यास करके अपनी सैन्य क्षमताओं को दिखा रहा है। 

Advertising