चीन में भूस्खलन स्थल से 15 शव निकाले गए, 118 अब भी लापता

Sunday, Jun 25, 2017 - 01:18 PM (IST)

बीजिंग: चीन के सिचुआन प्रांत के एक गांव में भूस्खलन के बाद राहतकर्मियों ने मलबे से 15 शव बाहर निकाल लिए हैं, लेकिन 118 लोग अब भी लापता हैं। राहत मुख्यालय ने कहा कि रात 10 बजे तक मलबे से 15 शव बाहर निकाल लिए गए। राहत और खोज अभियान पूरी रात चलता रहा।

घटनास्थल पर मौजूद भूगर्भ विशेषज्ञों ने कहा कि मलबे में दबे लोगों के जीवित बचे होने के अवसर कम हैं। राहतकर्मी खोजी कुत्तों की मदद से जीवित लोगों की तलाश कर रहे हैं,लेकिन मलबे में दबे लोगों के जीवित होने के कोई नए संकेत नहीं दिखे हैं।

तिब्बती और क्विआंग स्वायत्त क्षेत्र के उप कार्यकारी गवर्नर शु झीवेन ने कहा कि लापता 118 लोगों की पहचान जल्द ही सरकार की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।


 
 

Advertising