चीन में ‘लेकिमा' तूफान से 13 की मौत, 10 लाख लोग विस्थापित

Saturday, Aug 10, 2019 - 03:32 PM (IST)

बीजिंग:  शक्तिशाली ‘लेकीमा' तूफान शनिवार तड़के चीन के झिजियांग प्रांत पहुंचा और इसकी वजह से 13 लोगों की मौत हो गई और 16 लापता हैं। चीन के सरकारी मीडिया  ‘चाइना डेली' ने राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (एनएमसी) के हवाले से बताया कि तूफान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ने के साथ कमजोर होगा। एनएमसी ने बताया कि रविवार शाम को शांडोंग प्रायद्वीप के दक्षिणी तट से दोबारा टकराने से पहले तूफान झिजियांग और जियांसु प्रांतों में तबाही मचाएगा।

 ‘लेकिमा' की वजह से इलाके में तेज हवाएं और भारी बारिश हो रही हैं। कई पेड़ उखड़ गए हैं, हजारों घरों में बिजली ठप्प है और करीब 10 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। सरकारी एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि तूफान 187 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वेनलिंग शहर पहुंचा और इसके शंघाई की ओर बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने बताया कि शंघाई के अलावा पूर्वी प्रांतों अन्हुई, फुजियान, जियांगसु और झिजियांग में भी भारी बारिश की संभावना है।

भारी बारिश से अचानक बाढ़ आने और भूस्खलन होने की चेतावनी दी गई है। झिजियांग प्रांत में अकेले 300 उड़ानों को रद्द किया गया है। एहतियातन रेल सेवा स्थगित कर दी गई है। शंघाई में 2.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। शहर को हवाईअड्डे से जोड़ने वाली उच्च गति की मैग्लेव ट्रेन सेवा स्थगित है। 1.1 लाख लोगों को शिविरों में स्थानांतरित किया गया है।


यह इस वर्ष आनेवाला नौवां तूफान है। झेजियांग प्रांत में शुक्रवार की दोपहर आपातकालीन सेवा में तेजी लाई गई। सात लाख से अधिक लोगों को घर खाली कराकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया जिनमें से 110000 को 12000 राहत शिविरों में पहुंचाया गया। इस प्रांत में सैकड़ों नावों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है, 288 विमानों की उड़ानों को रद्द कर दिया गया है तथा कई मार्गों पर रेल सेवाएं स्थगित कर दी गयी हैं। स्थानीय प्रशासन ने 150 दमकल वाहनों और 153 नावों के साथ करीब 1000 सदस्यों की राहत टीमों का गठन किया है।

शंघाई में शनिवार सुबह तक 253000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। माग्लेव ट्रेन सेवा समेत शहर की रेल ट्रांजिट सेवा के परिचालन पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी गयी है। तूफान के कारण करीब 3000 पेड़ उखड़ गये तथा 100 से अधिक बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गयी जिसमें से अबतक 80 लाइन को फिर से चालू कर दिया गया है। शंघाई बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक संघाई में शुक्रवार दोपहर से ही भारी बारिश हो रही है।

शंघाई डिजनी रिजॉर्ट किया बंद
 चीन के संघाई डिजनीलैंड समेत शंघाई डिजनी रिजॉर्ट को तूफान लेकिमा के खतरे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से शनिवार को बंद कर दिया गया। शंघाई डिजनीलैंड के जून 2016 में खुलने के बाद से ऐसा पहली बार हुआ हे जब खराब मौसम की वजह से इसे बंद किया गया है। शंघाई डिजनी रिजॉर्ट के अनुसार शनिवार को जिन लोगों ने  डिजनीलैंड के लिए टिकट बुक कराई थी वे अगने छह महीनों के अंदर (10 फरवरी 2020 तक) किसी भी अन्य दिन इसी टिकट पर पाकर् घुमने आ सकते हैं। जिन लोगों ने ब्यूटी एंड बीस्ट म्यूजिकल के लिए टिकट खरीदा था वे कार्यक्रम में बदलाव के लिए या टिकट के पैसे की वापसी के लिए संपर्र्क कर सकते हैं। लोगों को इससे संबंधित नई जानकारियों के लिए रिजॉर्ट की वेबसाइट या मोबाइल एप पर नजर बनाये रखने की सलाह दी गई है। 

Tanuja

Advertising