चीन ने तय की ऑनलाइन सीमा, कई वेबसाइटों पर लगाया जुर्माना

Tuesday, Apr 03, 2018 - 02:25 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: चीन में सरकार ने इसकी सीमा तय कर दी है कि लोग ऑनलाइन क्या कह सकते हैं और यहां तक कि किस बात पर हंस सकते हैं। चीन के संस्कृति मंत्रालय ने‘‘ कम्युनिस्ट क्लासिक्स और नायकों’’ की पैरोडी पोस्ट करने वाली वेबसाइटों पर जुर्माना लगाया है। मंत्रालय ने कहा कि आइकीइ और सिना पर क्लासिक कार्यों को‘‘ विकृत करने और उनका मजाक उड़ाने’’ के लिए जुर्माना लगाया गया है। इस बात का खुलासा नहीं किया गया कि इन पर कितना जुर्माना लगाया गया है। 

ऑनलाइन पैरोडी पर प्रतिबंध लगाने वाले नए नियम जारी करने के दो सप्ताह से भी कम समय बाद यह मामला सामने आया है। बहरहाल, मंत्रालय ने उन वीडियो का जिक्र नहीं किया जिनके चलते वेबसाइटों पर जुर्माना लगाया गया है। मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि दक्षिण पश्चिम चीन के शिचुआन प्रांत में एक अन्य कंपनी शिचुआन शेंग्शी तिआनफु मीडिया पर क्रांतिकारी गीत की लोकप्रिय पैरोडी बनाने के लिए‘‘ कानून के मुताबिक सबसे अधिक जुर्माना’’ लगाया गया है। चीन इंटरनेट पर सबसे अधिक पाबंदियां लगाने वाला देश है। देश में फेसबुक और ट्विटर जैसी विदेशी सोशल मीडिया वेबसाइटों पर प्रतिबंध है और चीन राजनीति के लिहाज से संवेदनशील सामग्री को भी सेंसर करता है। 
 

vasudha

Advertising