अमेरिका के सौर पैनल सामग्री पर बैन से चीन को लगी मिर्ची, कहा- ‘‘शिनजियांग का विकास दबाना चाहता है US ’’

Saturday, Jun 26, 2021 - 10:01 AM (IST)

बीजिंग: अमेरिका के सौर पैनल सामग्री पर बैन से भड़के चीन ने इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।  चीन सरकार ने शुक्रवार को सौर पैनल सामग्री के आयात पर अमेरिकी प्रतिबंधों की आलोचना करते हुए कहा कि बीजिंग चीनी कंपनियों की रक्षा करेगा, लेकिन उसने संभावित जवाबी कार्रवाई करने का कोई विवरण नहीं दिया। अमेरिकी सीमा शुल्क एजेंसी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह होशाइन सिलिकॉन इंडस्ट्री कंपनी से पॉलीसिलिकॉन के आयात को रोक देगी। सौर पैनलों के लिए कच्चे माल और घटकों के छह अन्य चीनी आपूर्तिकर्ताओं से आयात को भी प्रतिबंधित किया जाना है।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने कहा, ‘‘शिनजियांग के औद्योगिक विकास को दबाने’’ के लिए अमेरिका ‘‘मानव अधिकारों को एक बहाने’’ के रूप में उपयोग कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका शिनजियांग के लोगों के बारे में बिल्कुल भी परवाह नहीं करता है।’’उन्होंने कहा कि उनकी असली साजिश और नापाक इरादे चीन को नियंत्रित करने के लिए शिनजियांग में गड़बड़ी पैदा करना है। चीनी अधिकारियों ने शिनजियांग में मुख्य रूप से मुस्लिम समूहों के खिलाफ जबरन श्रम और अन्य दुर्व्यवहारों के आरोपों को खारिज कर दिया। झाओ ने कहा कि बीजिंग अपनी कंपनियों की सुरक्षा के लिए ‘‘सभी आवश्यक उपाय करेगा’’ लेकिन उसने कोई विवरण नहीं दिया।

Tanuja

Advertising