हांगकांग मसले पर बौखलाए चीन ने भी अमेरिका के नागरिकों पर लगाया वीजा प्रतिबंध

Tuesday, Jun 30, 2020 - 06:04 AM (IST)

बीजिंगः हांगकांग मसले पर अमेरिका के प्रतिबंध से बौखलाए चीन ने भी अमेरिका से आने वाले लोगों पर वीजा पाबंदी लगाने का एलान किया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि चीन ने अमेरिका के कर्मचारियों के वीजा पर रोक लगाने का फैसला किया है। अमेरिका ने बीते शुक्रवार को चीन कम्युनिस्ट पार्टी के अधिकारियों पर वीजा प्रतिबंध लगाया था।

ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि अमेरिका द्वारा हांगकांग मुद्दे पर किए गए गलत बर्ताव के जवाब में यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस तरह के प्रतिबंध लगाकर हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (एचके एसएआर) में राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए चीन के कानून को बाधित करने का प्रयास कर रहा है लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगा। 

उन्होंने कहा, चीन ने इसके जवाब में हांगकांग मुद्दे पर उदासीन रवैया अपनाने वाले अमेरिकी व्यक्तियों पर वीजा प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने इससे पहले शुक्रवार को कहा था कि नए वीजा प्रतिबंध चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के मौजूदा और पूर्व अधिकारियों पर लागू होंगे। उन्होंने इन लोगों को हांगकांग में स्वायत्तता खत्म करने के लिए जिम्मेदार बताया था। 

Pardeep

Advertising