बदहाल श्रीलंका को नए ऋण जाल में फंसाने की फिराक में चीन

Sunday, May 08, 2022 - 05:58 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः चीन ने ऋण के चक्करव्यूह में फंसे श्रीलंका को फिर से अपने कर्ज के जाल में फंसाने के लिए चालबाजी शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे श्रीलंका को चीन मदद के नाम पर और अधिक कर्ज का प्रस्ताव को देकर उसे अपने जाल में फंसाना चाहता है। हांगकांग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका को मौजूदा वर्ष में छह अरब डालर के कर्ज का भुगतान करना है।

 

इनमें चीन का दो अरब डालर का कर्ज शामिल है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका ने चीन से कर्ज के भुगतान के लिए मोहलत मांगी थी, जिसे उसने शुरुआत में ठुकरा दी थी। इसके बाद राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात के दौरान आर्थिक मदद मांगी थी।  रिपोर्ट के अनुसार,  श्रीलंका द्वारा कर्ज से राहत के लिए किए गए आग्रह के मुद्दे पर एक सवाल का जवाब देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने मार्च में संवाददाताओं से कहा था कि बीजिंग, कोलंबो के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए मदद करता रहा है। देखा जाए तो इस बयान का कोई अर्थ नहीं निकलता।'

 

बता दें कि श्रीलंका की अर्थव्‍यवस्‍था चीन के कर्ज की वजह से बुरी तरह से डूब चुकी है। आलम ये है कि बीते एक माह से वहां पर चीजों की कमी और आसमान छूती महंगाई के चलते लोग सड़कों पर हैं। इस वजह से श्रीलंका की राजनीतिक स्थिति भी पूरी तरह डांवाडोल हो चुकी है। देश की जनता लगातार सरकार से इस्‍तीफा मांग रही है। वहीं दूसरी तरफ श्रीलंका कह चुका है कि वो चीन के कर्ज को नहीं उतार सकता है। 

Tanuja

Advertising