इस देश में सरेआम लगती है दुल्हनों की मंडी, बेची जाती हैं नाबालिग लड़कियां (pics)
punjabkesari.in Saturday, May 18, 2019 - 04:55 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः भारत में शादी के लिए लड़कियों की खरीद-फरोख्त को अपराध माना जाता है लेकिन एक देश ऐसा भी है जहां युवतियों को शादी के लिए बेचना एक रिवाज बन चुका है। यहां पर युवतियों को बेचने का काम मां-बाप ही खुशी-खुशी करते हैं। वहीं युवतियों को भी इसमें कोई बुराई नहीं दिखाई देती है, बल्कि उनके लिए यह सही वर को तलाशने का बेहतर जरिया है।
बहरहाल, जिस देश में इस तरह का बाजार सजता है उसका नाम बुल्गारिया है। बुल्गारिया यूरोपीय संघ का हिस्सा है। 2007 में यह यूरोपीय संघ में शामिल हुआ था। जिस मार्किट का हम यहां पर जिक्र कर रहे हैं वह बुल्गारिया में बचकोवो मोनेस्ट्री के नजदीक लगती है। बुल्गारिया में ब्राइडल मार्किट साल में चार बार सजती है। शादी की इच्छा रखने वाली युवतियां यहां पर खुद या फिर अपने परिजनों के साथ पूरी तरह से तैयार होकर आती हैं। युवतियों की इच्छा में यहां पर लड़के भी होते हैं। इस बाजार में युवक और युवती अपने पसंद के अनुसार एक दूसरे से बात करते हैं और एक दूसरे से जुड़ी सभी जानकारी लेते हैं। इसमें उनका काम-धंधा, पसंद-नापसंद, परिवार से संबंधित जानकारी शामिल होती है।
यहां आने वाले युवकों के लिए जहां युवती का खूबसूरत होना और घर का काम करना सबसे अहम होता है वहीं युवतियों के लिए युवक की आय सबसे अधिक मायने रखती है। यहां पर आने वाली नाबालिग लड़कियों की कीमत 300 डॉलर से 400 डॉलर तक के बीच में लगती है। बुल्गारिया में लगने वाला यह बाजार आज के समाज पर एक करारा तमाचा भी है। यह इस बात का भी इशारा है कि यहां पर लोगों और विभिन्न समुदायों के बीच कितनी गहरी खाई है। यहां पर आने वाली युवतियों के लिए यह जरूरी होता है कि वह वर्जिन हो। यदि ऐसा नहीं होता है तो उसको बेहद बुरी नजरों से समाज में देखा जाता है।
रोमा समुदाय की युवतियों को शादी से पहले लड़कों से मेल-जोल की इजाजत नहीं होती है। यह इसलिए भी होता है क्योंकि ऐसा होने पर ही युवतियों की मोटी कीमत परिजनों को मिल पाती है। युवती की कीमत कितनी होगी इसका भी तय उसके परिजन ही करते हैं। यहां पर युवतियों के इस बाजार से अलग अपने लिए युवक को पसंद करने को ये समुदाय न तो पसंद करता है और न ही उन्हें मान्यता देता है।