मुश्किल में फंसी Pop Star ब्रिटनी स्पीयर्स: शराब और ड्रग्स के नशे में गाड़ी चलाने का लगा आरोप
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 01:52 PM (IST)
Britney Spears DUI Case : मशहूर अमेरिकी गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स (Britney Spears) एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गई हैं। कैलिफोर्निया के अधिकारियों ने 44 वर्षीय पॉप स्टार पर शराब और नशीले पदार्थों के प्रभाव में वाहन चलाने (DUI) का औपचारिक आरोप लगाया है। यह मामला मार्च में हुई उनकी गिरफ्तारी से जुड़ा है।

इस मौके पर वेंचुरा काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय ने बताया कि 44 वर्षीय 'पॉप' गायिका पर शराब पीकर और मादक पदार्थ के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया गया। इस मामले में स्पीयर्स के प्रतिनिधि ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।
यह भी पढ़ें: Apple's Mission India: टिम कुक बोले- भारत हमारे लिए सबसे बड़ा अवसर, जॉन टर्नस संभालेंगे कमान

आपराधिक शिकायत में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि स्पीयर्स पर किस प्रकार की शराब या मादक पदार्थों का कितनी मात्रा में सेवन करने का आरोप है। 'कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल' (सीएचपी) के अनुसार स्पीयर्स को चार मार्च को उस समय गिरफ्तार किया गया था जब वह अपने घर के पास यूएस 101 पर अपनी काली बीएमडब्ल्यू तेज और अनियंत्रित तरीके से चला रही थी।

सीएचपी ने बताया कि वह नशे में लग रही थीं और बाद में जांच के बाद उन्हें शराब और मादक पदार्थों के संयुक्त प्रभाव में वाहन चलाने के संदेह में गिरफ्तार किया गया और वेंचुरा काउंटी की जेल ले जाया गया। उन्हें अगले दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
