थाईलैंड में शोर करने से रोकने पर ब्रिटिश सिख की गला दबाकर हत्या

Saturday, Aug 24, 2019 - 03:35 PM (IST)

लंदनः थाईलैंड के एक होटल में नशे में धुत एक नाइजीरियाई व्यक्ति ने कथित तौर पर गला घोंटकर 34 साल के एक ब्रिटिश सिख की हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमितपाल सिंह बजाज, उसकी पत्नी और दो वर्षीय बेटा छुट्टियां मनाने थाईलैंड गए थे और फुकेत के एक पांच सितारा ‘सेंटारा ग्रैंड होटल' में ठहरे थे। खबर के अनुसार बुधवार को बजाज ने नाइजीरियाई नागरिक से कहा कि वह शोर कम करे क्योंकि उसकी पत्नी और बच्चा सोने की कोशिश कर रहे हैं।

 

परिवार ने दावा किया कि नाइजीरियाई नागरिक बाल्कनी के जरिए कमरे में आया और बजाज का गला दबा दिया। पीड़ित की पत्नी बंधना कौर ने कहा कि उनके पति ने उन्हें और उनके बेटे को बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवा दी। घटना की जानकारी होटल कर्मियों को देने के बाद एंबुलेंस और पुलिस वहां पहुंची। इसके बाद उन्हें ‘पतोंग अस्पताल' ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

थाईलैंड में ब्रिटेश महावाणिज्य दूत के अधिकारियों ने कहा कि हम बजाज के परिवार से सम्पर्क में हैं और उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं नाइजीरियाई विदेश मंत्रालय ने आरोपी नागरिक को थाईलैंड में गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की और कहा कि उसे राजनयिक मदद मुहैया कराई जा रही है।

Tanuja

Advertising