एक और शादी की तैयारी कर रहा ब्रिटेन का राज परिवार, पर इस बार नहीं कोई उत्साह

Wednesday, Oct 10, 2018 - 11:19 AM (IST)

लंदनः प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल की भव्य शादी के पांच महीने बाद ब्रिटेन के शाही परिवार में एक और राजसी विवाह का अवसर आया है, लेकिन इस बार इसे लेकर कोई ज्यादा उत्साह नहीं है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की पौत्री राजकुमारी यूजिनी शुक्रवार को विंडसर कैसल में जैक ब्रूक्सबैंक से ब्याह रचाएंगी। ब्रिटेन में अभी तक मेगन की शादी का खुमार नहीं उतरा है।

अमेरिकी अभिनेत्री मेगन ने मई में विंडसर पैलेस में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पौत्र हैरी से शादी की थी। ब्रिटेन और दुनियाभर के लोगों ने इसे देखा था। कुछ लोग 2011 में प्रिंस विलियम की केट से शादी को भी नहीं भूले हैं, जिन्हें देखकर राजकुमारी डायना का चेहरा याद आ जाता है।

शाही शादियों को हमेशा से गंभीरता से लेने वाले बीबीसी के इस बार भव्य विवाह समारोह का लाइव प्रसारण करने से इनकार किए जाने की खबर आई है। बीबीसी को रेटिंग गिरने की आशंका है। बीबीसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं करेंगे कि हमने इससे इनकार किया है या नहीं किया। एक छोटे व्यावसायिक चैनल आईटीवी ने सीधे प्रसारण के लिए हामी भरी है, लेकिन ‘द टाइम्स’ की खबर के अनुसार यूजिनी के पिता प्रिंस एंड्रयू के पीछे पड़ने के बाद ऐसा किया गया।       

Isha

Advertising