UN का दबावः ब्राजील राष्ट्रपति ने अमेजन आग रोकने के लिए भेजी सेना

Saturday, Aug 24, 2019 - 10:17 AM (IST)

रियो डी जिनेरियो: अमेज़न के वर्षावन में लगी आग पर चहुं ओर से आलोचना व निंदा के बाद  ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने आग  रोकने के लिए सेना की मदद लेने के आदेश दिए हैं। राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो ने एक आदेश जारी करते हुए प्रशासन को सीमाई, आदिवासी और संरक्षित इलाक़ों में सेना तैनात करने को कहा है। ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने यह घोषणा यूरोपीय नेताओं के दबाव के बाद की है। दरअसल, फ़्रांस और आयरलैंड ने कहा था कि वह ब्राज़ील के साथ तब तक व्यापार सौदे को मंज़ूरी नहीं देंगे जब तक कि वह अमेज़न के जंगलों में लगी आग के लिए कुछ नहीं करता है। फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा था कि ब्राज़ील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो ने जलवायु परिवर्तन पर उनसे झूठ कहा है।

उधर, ब्राजील के जनजातीय समूह के प्रमुख राउनी मेटुकतिरे ने देश के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो पर आरोप लगाया है कि वह अमेजन वर्षावन को नष्ट करना चाहते हैं। उन्होंने आग को काबू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की मांग की है। आग की घटना को लेकर दुनियाभर में बढ़ रहे आक्रोश के बीच जनजातीय समूह ‘कायापो' के प्रमुख ने बोल्सोनारो को सत्ता से हटाने की मांग की ।

राउनी ने जर्मनी से फोन पर बातचीत करते हुए  कहा, ‘‘वह जंगलों के साथ हमें भी खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने जो किया वह बेहद भयानक है।'' उन्होंने बोल्सोनारो पर किसानों, लकड़हारों और खनिकों को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। ताजा आंकड़ों के अनुसार इस साल अभी तक ब्राजील के जंगलों में आग लगने की 76,720 घटनाएं हुई हैं। इनमें से आधी से अधिक अमेजन में हुई। इस बीच, बोल्सोनारो ने अमेजन वर्षावन में लगी आग को काबू करने के लिए ब्राजील के सशस्त्र बलों की वहां तैनाती को शुक्रवार को मंजूरी दे दी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अमेजन के जंगल में लगी आग से जूझ रहे ब्राजील की मदद करने की पेशकश की। ट्रंप ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने बोल्सोनारो से बात की और कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार की संभावनाएं कभी इतनी नहीं रहीं। ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘‘ मैंने उन्हें बताया कि अमेरिका अमेजन वर्षावन में लगी आग से निपटने में मदद कर सकता है। हम मदद के लिए तैयार हैं।''  

Tanuja

Advertising