बोइंग का जुलाई में नहीं बिका एक भी 737 मैक्स हवाई जहाज, 43 का ऑर्डर रद्द

Wednesday, Aug 12, 2020 - 12:29 AM (IST)

वाशिंगटनः विमान बनाने वालीकंपनी बोइंग ने जुलाई में एक भी 737 मैक्स विमान की बिक्री नहीं कर सकी। बिक्री की तो छोड़ें ग्राहकों ने 737 मैक्स विमान के 43 विमानों के ऑर्डर रद्द कर दिए। इंडोनेशिया और इथोपिया की विमान दुर्घटनाओं में शामिल रहे कंपनी के मैक्स विमानों के उड़ने पर लगी रोक से उपजी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कोविड-19 महामारी के चलते पूरा बाजार त्रस्त है। 

इससे पहले जून में भी बोइंग के 60 विमानों का ऑर्डर रद्द होने की खबर आई थी। विमानों के ऑर्डर रद्द होने और महामारी के चलते विमानन कंपनियों की हालत पतली रहने की वजह से बोइंग इस साल अब तक कुल 800 विमानों के ऑर्डर का शुद्ध नुकसान झेल चुकी है। पिछले हफ्ते अमेरिका के विमानन नियामक ‘फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन' ने मैक्स विमान के डिजाइन में बदलाव का विस्तृत ब्यौरा जारी किया। इस विमान के इस साल के अंत तक या 2021 की शुरुआत में सेवा में लौटने की उम्मीद है। 

गौरतलब है कि अक्टूबर 2018 में इंडोनेशिया और मार्च 2019 में इथोपिया की विमानन कंपनियों के विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए थे। यह दोनों ही विमान बोइंग के 737 मैक्स 8 विमान थे। इन दुर्घटनाओं में क्रमश: 189 और 157 लोगों की जान गयी थी। इसके बाद से कई देशों ने मैक्स विमानों के उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया था। 

Pardeep

Advertising