BLA कमांडर ने पाक-चीन के खिलाफ निकाली भड़ास

Tuesday, Nov 27, 2018 - 12:42 PM (IST)

पेशावरः पाकिस्तान में चीन के बढ़ते दखल से गुस्साए बलूच  लिबरेशन आर्मी के कमांडर ने कहा कि वे पाकिस्तान और चीन के विरूद्ध बलोचिस्तान में संघर्ष जारी रखेंगे। एक अज्ञात स्थान पर दिए इंटरव्यू में कमांडर असलम बलोच ने कहा कि यहां पर चीन का बढ़ता दखल  पाकिस्तान के खिलाफ उनकी लड़ाई के लिए बड़ा खतरा है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ही हाल ही में लाहौर स्थित चीनी दूतावास पर हमले की जिम्मेदारी ली थी।

कमांडर असलम बलूच ने कहा, 'पिछले 15-20 साल से, बलोचिस्तान में पाकिस्तान का दखल तेजी से बदला है, खासकर जब से चीन से उसका रिश्ता बढ़ा है। चीन हमेशा ही पाकिस्तान का पक्ष लेता रहा है। लेकिन, पिछले दो दशकों में यहां बलोचिस्तान के संसाधनों का उपयोग करने के लिए चीन, पाकिस्तान की अगुवाई कर रहा है। चीन को यहां से ज्यादा हिस्सा मिलता है, जबकि पंजाबियों को बलोच लोगों को मारने के लिए और गांव उजाड़ने के लिए कमीशन मिलता है।

बचोल यहां बड़ी गंभीर हालातों का सामना कर रहे हैं।'उन्होंने आगे कहा कि, सीपीइसी के नाम पर चीन बलोचिस्तान के संसाधनों को लूट रहा है। इसी मेगा प्रोजेक्ट के दम पर बलोचिस्तान और सिंध में चीन और पाकिस्तान दोनों हीं अपनी सैन्य शक्ति बढ़ा रहे हैं। वे सीपीइसी के नाम पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को बहका रहे हैं।  बता दें कि बलूच लिबरेशन आर्मी ने चीनी-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर के काम में लगे चीनी कर्मचारियों पर कई बार हमले किए हैं। इसी साल, 10 अगस्त को जब चीनी कर्मचारी एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे तो बलूच लिबरेशन आर्मी के एक आत्मघाती हमले में 3 कर्मचारी घायल हो गए थे। 
 

Tanuja

Advertising