बिल क्लिंटन, हिलेरी व ट्रंप के बारे में ये विवादित खुलासे चर्चा में

Sunday, Oct 16, 2016 - 05:29 PM (IST)

वाशिंगटन: लगता है 9 नवंबर को होने वाले अमरीका के राष्ट्रपति पद का चुनाव इसके दोनों उम्मीदवारों पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन व रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के लिए वाक् युद्ध का अखाड़ा बन गया है जिसके चलते दोनों उम्मीदवार राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा के अलावा एक दूसरे पर कीचड़ उड़लने में लगे हुए हैं।
डैमोक्रैटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की प्रबल दावेदार समझी जा रही हिलेरी ने महिलाओं के मुद्दे को काफी गंभीरता से उठा रखा है लेकिन इन सबके बीच  वे ट्रंप के अतीत के  बखिए उधड़ने में वे कोई कसर नहीं छोड़ रहीं। उधर हिलेरी के शब्दबाणों का जवाब ट्रंप उनके पति बिल क्लिंटन की पोल खोल रहे हैं।

विवादों से घिरा है "क्लिंटन" का अतीत
ट्रंप ही नहीं अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और  हिलेरी क्लिंटन का अतीत भी विवादों  से घिरा रहा है । ट्रंप के आरोपों में बिल क्लिंटन को महिलाओं का 'शिकारी' और सबसे खराब शासक बताया जा रहा है । ट्रंप का कहना है कि बिल क्लिंटन दूध के धुले नहीं रहे जो उन पर इस तरह कीचड़ उछाला जा रहा है। ट्रंप ने अमरीकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के व्हाइट हाउस की तत्कालिक इंटर्न मोनिका लेविंस्की के साथ प्रेम प्रसंग का जिक्र भी किया । गौरतलब है कि साल 1998 के शुरुआत क्लिंटन- लेविंस्की संबंधों की खबर उजागर हुई थी। इस कारण से अमरीकी  राष्ट्रपति को अभियोग प्रक्रिया का भी सामना करना पड़ा था।

एक रैली में तो ट्रंप ये तक कह गए कि 12 साल पहले कहे  मेरे शब्दों को लेकर सभी नैटवर्कों पर 72 घंटों तक मुझे लताड़ा गया, जो कि महज एक लॉकर रूम की बातचीत थी लेकिन बिल क्लिंटन ने तो भोली-भाली महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया था और हिलेरी ने उन महिलाओं पर क्रूरतापूर्ण हमला बोला था। हिलेरी क्लिंटन के चरित्र के भीतर झांकना हो तो देखना चाहिए कि बतौर वकील उन्होंने 12 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार करने वाले एक पुरुष का बचाव किया था।


पति बिल क्लिंटन को 'पीटती' थीं हिलेरी
इस बीच एक किताब ने हिलेरी पर यह आरोप लगाकर उनके व्यवहार पर सवाल उठा दिए हैं कि वह अपने पति बिल क्लिंटन को 'पीटती' थीं। अमरीकी अख़बार डेली मेल में छपी ख़बर के अनुसार राजनीतिक सलाहकार रोजर स्टोन की लिखी नई किताब 'The Clintons' War on Women' ने हिलेरी पर आरोप लगाया है कि वह अपने पति बिल क्लिंटन और स्टाफ के प्रति हिंसा करती थीं। अख़बार के मुताबिक किताब में लिखा है कि 'हिलेरी अपने पति बिल पर सामान फैंककर मारती थीं, उन्हें इस तरह नोचती थीं कि कई बार खून भी निकल जाता था।' हालांकि अभी तक इस किताब पर हिलेरी क्लिंटन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ट्रंप का नया विवादित टेप, बिस्तर में शानदार साबित होगी लोहान
दूसरी तरफ, महिलाओं से अश्लील व्यवहार व टिप्पिणयों से घिरे ट्रंप के बारे में नित नए खुलासे उनकी जीत में रोड़ा बनते नजर आ रहे हैं। न्यू यॉर्क टाइम्स ने इसी हफ्ते 2 महिलाओं के हवाले से एक खबर छापी थी जिसमें दोनों महिलाओं ने ट्रंप पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया था।अब ट्रंप की एक और रिकॉर्डिंग सामने आई है। 2004 की इस रिकॉर्डिंग में ट्रंप हॉलिवुड अभिनेत्री लिंज़ी लोहान को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां कर रहे हैं। इस रिकॉर्डिंग में ट्रंप यह भी कयास लगा रहे हैं कि लोहान के साथ सैक्स करने में कैसा महसूस होगा।
 
CNN ने शुक्रवार को ट्रंप के साथ एक रेडियो इंटरव्यू की ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की। इसमें शो के मेजबान के साथ ट्रंप की बातचीत की रिकॉर्डिंग है। मालूम हो कि 2004 में लोहान महज 18 साल की थीं। इसमें दोनों मिलकर लोहान के नाम और उनके पिता के साथ रिश्तों पर बात कर रहे हैं। फिर होस्ट ने ट्रंप से पूछा, 'क्या आप इस परेशान लड़की के साथ सैक्स करने की कल्पना कर सकते हैं?' इसका जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, 'हां, आप शायद ठीक कह रहे हैं। शायद वह (लोहान) बहुत परेशान हैं और इसीलिए बिस्तर में वह शानदार साबित होगी।'


Advertising