ऑस्ट्रिया के विएना शहर में 6 जगहों पर गोलीबारी, 7 की मौत व एक हमलावर भी ढेर...कई घायल

Tuesday, Nov 03, 2020 - 08:42 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: यूरोप के ऑस्ट्रिया के विएना शहर में एक यहूदी मंदिर समेत 6 अलग-अलग जगहों पर हथियारबंद लोगों ने फायरिंग की। डेली मेल की खबर के मुताबिक इस आतंकी वारदात में अब तक एक हमलावर समेत 7 लोगों की मौत हो चुकी है। विएना पुलिस के मुताबिक इस हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं। विएना पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी कि रात 8 बजे गोलीबारी की घटना हुई जिसमें कई राउंड गोलियां चलीं। ट्वीट में बताया गया कि कई संदिग्ध रायफल से लैस नजर आए। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं जिनमें एक ऑफिसर भी शामिल है। विएना पुलिस विभाग के अनुसार सहायता कार्य जारी है।

पुलिस के मुताबिक एक आंतकी को मार गिराया गया है जबकि अभी एक आतंकी की तलाश जारी है। विएना पुलिस ने एक अन्य ट्वीट में लोगों को अलर्ट रहने को कहा है। साथ ही पुलिस ने लोगों को किसी भी अफवाह से दूर और सावधान रहने को कहा है। पुलिस ने ट्वीट किया, कृपया किसी भी अफवाहों, आरोपों, अटकलों या पीड़ितों की अपुष्ट संख्याओं को न देखें, वो किसी भी तरह की मदद नहीं करता है! अंदर रहें! आश्रय लें, सार्वजनिक स्थानों से दूर रहें।

ऑस्ट्रिया के आंतरिक मामलों के मंत्री कार्ल नेहमर ने सोमवार देर रात कहा कि मध्य विएना में एक प्रमुख उपासनागृह के पास हुई गोलीबारी एक आतंकवादी हमला जैसा ही प्रतीत होता है। लोगों को प्रभावित इलाकों में घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है, इसके साथ ही उन स्थानों पर सार्वजनिक परिवहन को भी रोक दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने एक लिंक भी शेयर किया है ताकि लोग इस घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें उन तक भेज सकें। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो मौजूद हैं।

Seema Sharma

Advertising