भारत-अमरीका के रक्षा संबंध अब तक के सबसे प्रगाढ़ :कार्टर

punjabkesari.in Sunday, Dec 04, 2016 - 02:22 PM (IST)

वाशिंगटनः अमरीकी रक्षा मंत्री एश्टन कार्टर ने अपनी भारत यात्रा से कुछ दिन पहले आज कहा कि दुनिया के 2 सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच रक्षा संबंध इतने प्रगाढ़ कभी नहीं रहे, जितने आज हैं।  कार्टर ने कहा, ‘‘अमरीका-भारत रक्षा संबंध अब तक के सबसे प्रगाढ़ संबंध हैं। पुन:संतुलन के लिए अमरीका के पश्चिम की आेर बढऩे और प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी की एक्ट ईस्ट नीति के मुताबिक भारत के पूर्व की आेर बढऩे के साथ हमारी रणनीतिक भागीदारी के जरिए दोनों देश वायु, भूमि और समुद्र से मिलकर इस तरह अभ्यास कर रहे हैं, जिस तरह पहले कभी नहीं किया।’’  कार्टर अगले सप्ताह भारत यात्रा पर आएंगे।

उन्होंने कैलीफोर्निया के सिमी वैली में रीगन नैशनल डिफैंस फोरम में अपने संबोधन में ये बातें कहीं। निवर्तमान अमरीकी रक्षा मंत्री की अंतिम विदेश यात्राओं में जापान, भारत, इस्राइल, बहरीन, इटली और ब्रिटेन जैसे देश शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने तकनीकी स्तर पर भी हाथ मिलाया है। जिसमें अमेरिका-भारत रक्षा प्रौद्योगिकी और व्यापार पहल या डी.टी.टी.आई. का प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया अभियान से हाथ मिलाया गया है। इससे हमारे देशों को शस्त्र प्रणालियों के और अधिक विविधतापूर्ण सह-विकास और सह-उत्पादन की आेर बढऩे में मदद मिल रही है।’’  कार्टर एशिया प्रशांत क्षेत्र से अपनी अंतिम विदेश यात्राएं शुरू कर रहे हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News