ब्लास्ट इतना भयंकर कि प्रेग्नेंट महिला के बच्चे को भी चुभ गए बम के छर्रे

Saturday, Sep 19, 2015 - 03:20 PM (IST)

अलेप्पो: सीरिया में हुए भयानक बम धमाके का शिकार एक मां की कोख में पल रहा बच्चा भी हो गया। फिलहाल जख्मी प्रेग्नेंट महिला और उसके बच्चे को डॉक्टरों ने बचा लिया है। उनकी जान बचाने वाली अलेप्पो सिटी मेडिकल काउंसिल की मेडिकल टीम ने ये वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया है।

वीडियो में डॉक्टर्स सिजेरियन सेक्शन में महिला की इमरजेंसी डिलिवरी कराते दिखाई दे रहे हैं। ब्लास्ट के दौरान बम का एक टुकड़ा महिला के पेट में लग गया था। डॉक्टर्स ने जब महिला का ऑपरेशन कर बच्चे को पेट से बाहर निकाला, तो उसकी आंखों के ऊपर बम का एक छर्रा घुसा हुआ था।

डॉक्टर्स ने छर्रे को बाहर निकाला और तब तक बच्ची की सांस को सामान्य करने की कोशिश की, जब तक वो रोने नहीं लगी। इसके बाद डॉक्टर्स की टीम ने मेटल का एक टुकड़ा बच्ची के माथे से निकाला, जिसका जख्म बहुत गहरा था। इन सबके बाद डॉक्टर्स ने बच्ची की मां का ट्रीटमेंट दोबारा शुरू किया।

तमाम मुश्किलों के साथ शुरुआत के बाद अब मां और बच्ची की सेहत बिल्कुल ठीक है। गौरतलब है कि सीरिया लगातार गृहयुद्ध की आग में झुलस रहा है। इस संघर्ष में अब तक दो लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, करीब 40 लाख लोग अपना घर छोड़ चुके है।

Advertising