''भारत-पाकिस्तान के बीच फिर से हो सकता है युद्ध''

Friday, Aug 21, 2015 - 03:25 AM (IST)

न्यूयार्क: पाकिस्तान के साथ युद्ध होने पर भारत को अधिक क्षति पहुंच सकती है। यह टिप्पणी न्यूयार्क टाइम्स ने आज अपने अग्रलेख में की है। पत्र में लिखा गया है कि भारत अपेक्षाकृत अधिक शक्तिशाली तथा ज्यादा सफल देश है किन्तु एक और लड़ाई होने पर उसे अधिक नुक्सान पहुंच सकता है।

पत्र में लिखा गया है कि परमाणु शक्ति संपन्न भारत तथा पाकिस्तान के बीच कश्मीर अधिक खतरनाक मुद्दा बन गया है और यहां दोनों देशों के बीच नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी आए दिन जारी है। इधर हाल के महीनों में इसमें अधिक वृद्धि हुई है, जोकि दोनों देशों में नया युद्ध छिडऩे का संकेत है। 
 
अभी पिछले सप्ताह भारत और पाकिस्तान के बीच भारी गोलाबारी हुई जिसमें मोर्टार तक का उपयोग किया गया। दोनों पक्ष इन घटनाओं को लेकर एक- दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान इन घटनाओं से भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के धैर्य की परीक्षा ले रहा है। मोदी अपने पूर्ववर्ती प्रधानमंत्रियों के रुख से विपरीत इन हमलों की उपेक्षा नहीं करने के संकल्प का संकेत दे चुके हैं।
Advertising