‘फैंटम’ पर प्रतिबंध के लिए हाफिज सईद ने की अदालत में दरखास्त

Sunday, Aug 09, 2015 - 01:12 AM (IST)

लाहौर: जमात उद दावा (जेयूडी) प्रमुख हाफिज सईद ने आज यहां हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर पाकिस्तान में आगामी बॉलीवुड फिल्म ‘फैंटम’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि इसकी विषय वस्तु उसके देश को बदनाम करने वाली है। अपने वकील ए के डोगर के जरिए सईद ने दलील दी है कि भारतीय फिल्म में ‘‘पाकिस्तान और जेयूडी के खिलाफ जहर भरा हुआ है।’’ 

उसने आरोप लगाया है,‘‘जेयूडी की आेर इशारा करती फिल्म में 2008 के मुंबई हमले और वैश्विक आतंकवाद को दिखाया गया है। वैश्विक आतंकवाद के विषय पर पाकिस्तान के खिलाफ नापाक प्रचार किया जा रहा है।’’ सैफ अली खान अभिनीत यह फिल्म 28 अगस्त को रिलीज होने वाली है। लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक ने दावा किया कि पाकिस्तान में अदालतें भारत सरकार के जेयूडी या इसके किसी अन्य नेताओं का मुंबई हमले में संलिप्तता के आरोप को पहले ही खारिज कर चुकी हैं। उसने अदालत से कहा, ‘‘मैं अदालत से पाकिस्तान में ‘फैंटम’ के प्रदर्शन पर रोक लगाने की दरखास्त करता हूं।’’ 
Advertising