श्रीलंका: चुनावी हिंसा में एक महिला की मौत, 12 घायल

Friday, Jul 31, 2015 - 04:13 PM (IST)

कोलंबो: अज्ञात बंदूकधारियों ने आज कोलंबो में चुनाव अभियान की एक रैली पर गोलीबारी कर दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हो गए हैं।  

वित्त मंत्री रवि करणानायके के रैली स्थल से जाने के बाद यह हमला हुआ। यह रैली ब्लोमेनढाल इलाके में हुई थी। खबर है कि बंदूकधारी 2 वाहनों में आए और भीड़ पर गोलियां दाग दीं। 17 अगस्त को 225 सदस्यीय संसद के लिए होने वाले चुनाव से पहले की यह पहली बड़ी हिंसक घटना है।

पुलिस ने बताया कि अब तक प्रचार अभियान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावी कानून का उल्लंघन करने के सिलसिले में 13 जुलाई तक 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 1990 के दशक के आखिरी वर्षों से श्रीलंका के चुनावों में हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं। अगस्त के चुनाव की यूरोपीय संघ द्वारा निगरानी की जा रही है।

Advertising