''भारतीय बिना ओवर टाइम लिए करते हैं ज्यादा काम''

Tuesday, Jun 30, 2015 - 04:39 PM (IST)

नई दिल्लीः  दुनिया के अन्य देशों की तुलना में भारतीय कर्मचारी अपने काम के प्रति अधिक समर्पित हैं। यह बात हम नहीं बल्कि रिपोर्ट में साबित हुई है। 

डेल कारनेगी ट्रेनिंग की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय कर्मचारी किसी काम को पूरा करने के लिए बिना ओवर टाइम लिए अधिक घंटे तक काम करने को तैयार रहते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसे भारतीयों में 46 प्रतिशत लोग हैं। वहीं इसका वैश्विक औसत 34 प्रतिशत है। अमरीका में यह 30 प्रतिशत है।

सर्वे में शामिल 61 फीसदी लोगों का कहना था कि वे बिना ओवर टाइम के किसी काम को पूरा करने को अतिरिक्त घंटे देने को तैयार हैं। वहीं 58 फीसदी का कहना था कि उन्हें विश्वास है कि उन्हें पता है कि काम के दौरान उनसे क्या उम्मीद रखी जाती है। 

इधर, दुनिया के सबसे बड़े नियोक्ताओं में 2 भारतीय संगठन, सेना भारतीय रेलवे भी शामिल हैं। इन दोनों में लगभग 27 लाख कर्मचारी हैं। यह अनुसंधान रिपोर्ट विश्व आर्थिक मंच ने प्रकाशित की है। इस रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि आमतौर पर भारतीय रेलवे को दुनिया का सबसे बड़ी नियोक्ता संगठन कहा जाता है, लेकिन ऐसा लगता नहीं है क्योंकि दुनिया के सबसे बड़े नियोक्ताओं की सूची में इसे 8वें स्थान पर रखा गया है। 

इस सूची में 14 लाख कर्मचारियों के साथ भारतीय रेलवे आठवें स्थान पर है जबकि उसके तुरंत बाद 13 लाख कर्मचारियों के साथ भारतीय सशस्त्र सेनाएं हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी रक्षा विभाग दुनिया का सबसे बड़ा नियोक्ता है। उसकी नामावली में 32 लाख से अधिक कर्मचारी हैं। सूची में दूसरे स्थान पर चीन की सेना को रखा गया है, जिसमें 23 लाख लोग हैं। अमरीकी खुदरा कंपनी वालमार्ट 21 लाख कर्मचारियों के साथ 3 स्थान पर है।

Advertising