अमेरिकी महिला सांसद तुलसी की दूसरी शादी बनीं सुर्खियां

Sunday, Apr 12, 2015 - 12:10 PM (IST)

वाशिंगटन: अमेरिका में हिन्दू रीति-रिवाज से की गई एक शादी सुर्खियों में है। अमेरिकी कांग्रेस की पहली अमेरिकी हिन्दू सदस्य तुलसी गबार्ड ने अपने पैतृक राज्य हवाई में वेद मंत्रों के बीच सिनेमेटोग्राफर अब्राहम विलियम्स के साथ सात फेरों के बंधन में बंध गई। तुलसी गबार्ड और अब्राहम विलियम्स का विवाह पारंपरिक योग कीर्तन के साथ संपन्न हुआ। 
 
शादी से पहले मीडिय़ा से रुबरू होते हुए 33 वर्षीय सांसद ने कहा था कि विवाह के बाद भी वह अपना कुलनाम नहीं बदलेंगी। फरवरी में होनेलुलु स्टार एडवर्टाइजर में प्रकाशित एक साक्षात्कार में गबार्ड ने कहा था अब्राहम और मैं, दोनों काफी निजता पसंद करने वाले लोग हैं। उसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
 
वह बहुत विनम्र और अच्छे इंसान हैं जो कभी भी चर्चा में नहीं रहना चाहते। ऐसे में हम दोनों के लिए यह नई चीज है। गबार्ड का यह दूसरा विवाह है जबकि अब्राहम की पहली शादी है।इस विवाह में हिंदू धर्म के उन सभी रीति-रिवाज अपनाए गए जो एक हिंदू परिवार में विवाह के दौरान किए जाते हैं। शादी के बाद तुलसी का कहना है कि हम इस तरह की शादी से खुश हैं।  
Advertising