भारत से बातचीत से पहले बोला चीन, अरुणाचल है दोनों देशों के बीच ''विवाद'' की वजह

Friday, Apr 10, 2015 - 12:26 PM (IST)

बीजिंग: गत गुरुवार को चीन ने स्वीकार किया कि भारत की पूर्वी सीमा पर दोनों देशों के बीच कुछ विवाद है लेकिन साथ ही चीन ने सीमा विवाद के समाधान के लिए भारत के साथ सहयोग करने का भी आश्वासन दिया है। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह एक सच्चाई है कि चीन और भारत के बीच दोनों देशों की पूर्वी सीमा को लेकर सीमा विवाद है।

उन्होंने कहा कि चीन-भारत सीमा विवाद पर चीन का पक्ष सुसंगत और स्पष्ट है। सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाने चाहिएं और सीमा को लेकर बातचीत में लगातार प्रगति लाने के लिए माहौल बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पिछले वर्ष सितंबर में अपनी भारत यात्रा के दौरान कहा था कि चीन, भारत के साथ मैत्रिपूर्ण विचार-विमर्श के जरिए जल्द से जल्द सीमा विवाद का हल निकालने के प्रति कटिबद्ध है और अंतिम समाधान निकलने तक सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयास के प्रति गंभीर है।

Advertising