पार्लियामेंट स्क्वायर में अब ‘गांधी’

Sunday, Mar 15, 2015 - 06:19 PM (IST)

लंदन : ब्रिटेन के चर्चित पार्लियामेंट स्क्वायर में महात्मा गांधी की एक ऐतिहासिक कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया गया है। इसके साथ ही कई सालों के अथक प्रयास और मेहनत के बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा को भी पार्लियामेंट स्क्वायर पर जगह मिल गई। कैमरन और जेटली ने गांधी के पसंदीदा भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ के उच्चारणों के बीच संयुक्त रुप से प्रतिमा का अनावरण किया।


इससे पहले ब्रिटेन के पूर्व पीएम विंस्टन चर्चिल और नेल्सन मंडेला जैसे महान नेताओं की प्रतिमाएं यहां पहले से ही लगी हुई हैं। करीब नौ फुट ऊंचे इस प्रतिमा के अनावरण के समय ब्रिटेन के पीएम डेविड कैमरन, भारत के वित्त मंत्री अरुण जेटली, हिन्दी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन और गांधी के पोते गोपाल कृष्ण गांधी मौजूद थे। गांधी पहले भारतीय हैं जिनकी मूर्ति को यहां जगह मिली है।


इस मौके पर कैमरन ने कहा, ‘यह प्रतिमा विश्व राजनीति की सबसे महान हस्तियों में से एक को दी जाने वाली भव्य श्रद्धांजलि है और इस प्रसिद्ध चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा लगाकर हमने उन्हें अपने देश में एक शाश्वत जगह दे रहे हैं।’ गांधी के कुछ प्रसिद्ध शब्दों का उल्लेख करते हुए कैमरन ने कहा कि गांधी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। यह प्रतिमा दोनों देशों के बीच विशेष दोस्ती और साथ ही गांधी के संदेशों की वैश्विक ताकत का प्रतीक है।’’
Advertising