राजीव गांधी के हमलावार नेे दी मोदी को चेतावनी!

Friday, Mar 13, 2015 - 06:01 PM (IST)

नई दिल्ली: श्रीलंकाई नौसेना के सैनिक विजिथा रोहन विजेमुनी(46) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चेतावनी दी है। जानकारी के मुताबिक, 27 साल पहले उस समय के भारतीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर श्रीलंका यात्रा के दौरान हमला करने वाले विजिथा ने पीएम मोदी से कहा कि वह श्रीलंका के घरेलू मामलों में दखल ना दें। विजिथा ने कहा, मैं मोदी को पसंद करता हूं और मुझे खुशी है कि वो हमारे देश आएं। वो अच्छे इंसान हैं लेकिन उन्हें हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। उन्हें हमारी क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए।

एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक विजिथा ने कहा, अगर वो राजीव गांधी की तरह हमारे मामलों में हस्तक्षेप करेंगे तो तमिल प्रॉब्लम एक बार फिर सामने आएगी। मोदी को श्रीलंकाई सरकार के साथ शांति बनाए रखनी चाहिए। युद्ध के बाद तमिल लोग फिशिंग, एग्रीकल्चर और टूरिज्म में देश को योगदान दे रहे हैं, मोदी उन्हें मदद करें ना कि हस्तक्षेप करें।

राजीव गांधी की यात्रा के बाद मोदी श्रीलंका जाने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 2008 में यहां आए थे लेकिन उनकी यात्रा सार्क समिट के मद्देनजर हुई थी, न कि द्विपक्षीय संबंधों के तहत। मोदी शुक्रवार सुबह श्रीलंका पहुंचे हैं, यहां वह श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना और प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे से मुलाकात करेंगे। विजिथा ने कोलंबो में राजीव गांधी पर उस समय हमला किया था, जब उन्‍हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था। इसके बाद उसे सेना से बाहर कर दिया गया था। 

Advertising