अनोखा टैलेंट: खौलते तेल में नंगे हाथों से तलते हैं मछली

Wednesday, Mar 04, 2015 - 03:43 PM (IST)

पेशावर: पाकिस्तान के पेशावर शहर में मोहम्मद गुल अपने अनोखे टैलेंट के लिए पूरे शहर में मशहूर हो गए हैं। दरअसल, वो खौलते तेल में नंगे हाथों से मछली तलते हैं, और ऐसा करने से उनके हाथ नहीं जलते। 30 वर्षीय गुल का कहना है कि यह उनका शौक है। गुल पेशावर के रिंग रोड एरिया में पिछले कई सालों से मछली की दुकान चला रहे हैं।

गुल के मुताबिक, उन्होंने आठ साल पहले ऐसा करना शुरू किया था। इस दौरान उनके हाथ कभी भी नहीं जले और न ही उन्हें दर्द हुआ। उन्होंने एक बार गर्म तेल में अपना हाथ डाल दिया था। जिसके बाद उन्होंने इसकी रेगुलर प्रैक्टिस की। वो करीब 150 डिग्री सेल्सियस गर्म तेल में हाथ डालते हैं, लेकिन सिवाय कुछ धब्बों के गुल का हाथ नहीं जलता। वो हर दिन 30-35 किलो फ्रायड फिश बेचते हैं।

गुल की लोकप्रियता इतनी ज्यादा है कि कई लोग सिर्फ उन्हें देखने ही दुकान पर आते हैं और उनका वीडियो बनाते हैं। गुल के मुताबिक, डॉक्टर्स उन्हें ऐसा करने से मना कर चुके हैं क्योंकि इससे हाथों की नसों को नुकसान पहुंच सकता है। वो बताते हैं कि अपने ग्राहक की डिमांड के कारण वह ऐसा करने से खुद को नहीं रोक पाते। 

Advertising