यह संगठन जानवरों के इस्तेमाल से करेगा फिदायीन हमले!

Sunday, Feb 01, 2015 - 05:41 PM (IST)

बूजा: नाइजीरिया का कुख्यात आंतकी संगठन बोको हरम बच्चों को इस्लाम के नाम पर लड़ने के लिए बंदूक चलाने की ट्रैंनिग दे रहा है। इसी के साथ वह फिदायीन हमलों के लिए ऊंट, बकरी, गाय और गधों का इस्तेमाल कर सकता है।

नाइजीरिया की सुरक्षा एजैंसियों ने खुफिया रिपोर्टों के हवाले से यह आशंका जताते हुए सरकार को इस बारे में कड़ी चेतावनी दी है। एजैंसियों के अनुसार, यह आतंकी संगठन व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर हमलों में पशुओं के इस्तेमाल की साजिश रच रहा है। इसके अलावा युवाओं को मोची के भेष में भेजने और उनके औजार बक्सों में विस्फोटक छिपाकर भी भेजने की तैयारी है।

नाइजीरिया के राष्ट्रीय सूचना केंद्र के कोऑर्डिनेटर माइक ओमरी ने बताया कि खुफिया रिपोर्ट यह संकेत करती है कि बोको हरम जवान लड़कों को फिदायीन हमलावरों के रूप में इस्तेमाल कर सकता है। इसके अलावा पशुओं जैसे बकरी, गाय, गधे और ऊंटों को भी आत्मघाती हमले के लिए भेजा जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि सरकार की ओर से यह चेतावनी बीते गुरुवार को उस वक्त जारी की गई, जब चाड ने नाइजीरिया के बोर्नो राज्य के मेलुमफटोरी गांव से इस्लामी कट्‌टरपंथियों को खदेड़ने के लिए न केवल विमानों से बम गिराए बल्कि वहां पैदल सेना भी भेजी। गरुवार को हुआ यह हवाई हमला नाइजीरिया में बोको हरम के खिलाफ पहली विदेशी कार्रवाई थी।

Advertising