ISIS ने जारी किया जापानी पत्रकार के सिर कलम का वीडियो (Video)

Sunday, Feb 01, 2015 - 12:46 PM (IST)

बेरूत: ईराक और सीरिया में कत्लेआम मचाने वाले इस्लामिक स्टेट आइ.एस. आतंकी संगठन का कहर दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। आई.एस. ने कल रात एक वीडियो जारी किया, जिसमें जापानी पत्रकार केंजी गोटो का सिर कलम करते दिखाया गया है। गोटो को आई.एस. आतंकवादियों ने बंधक बना रखा था।  कल रात जारी वीडियो में गोटो के गले पर चाकू रखे एक नकाबपोश नजर आ रहा है। वहीं, वीडियो की दूसरी फुटेज में एक कटा हुआ सिर दिखाया गया है। 

वीडियो के दूसरे हिस्से में आई.एस. आतंकवादी जापान के प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कह रहा है कि वह अपने लापरवाह फैसले को लेकर एक ऐसे युद्ध के लिए दोषी हैं, जिसमें उनकी जीत नामुमकिन है। चाकू सिर्फ गोटो के गले पर ही नहीं चलेगा बल्कि जापान के और भी लोगों के सिर कलम किए जाएंगे। एक तरह से यह जापान के लिए शामत के दिनों की शुरुआत है।

जापान ने आई.एस. के इस कृत्य की कठोर शब्दों में निंदा की है। मुख्य केबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने कहा,  यह एक अमानवीय और अक्षम्य घटना है। हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं। इस बीच अमरीकी अधिकारियों ने कहा कि वे आई.एस. की जारी की वीडियो की पुष्टि कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि जाने माने फ्रीलांसर और फिल्म निर्माता रहे 47 साल के गोटो को पिछले साल अक्तबूर में सीरिया में आतंकवादियों ने बंधक बना लिया था। गोटो अपने देश के नागरिक हारूना युकावा को रिहा कराने की कोशिश कर रहे थे। आई.एस. के लड़ाकों ने गोटो और युकावा को छोड़ने के बदले जापानी सरकार से 200 मिलियन डालर की मांग की थी। गोटो और जार्डन के पायलट के बदले ईराकी आत्मघाती महिला साजिदा मुबारक की भी मांग की गई थी। 

Advertising