ऑस्ट्रिया में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग (pics)

Monday, Dec 17, 2018 - 10:40 AM (IST)

वियना : ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में करीब 17 हजार लोगों ने सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थानीय पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक सरकार विरोधी इस प्रदर्शन में लगभग 10 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी लेकिन इसमें करीब 17 हजार लोग शामिल हुए।

सरकार विरोधी इस प्रदर्शन का आयोजन ऐसे समय में किया गया है जब मौजूदा सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस गठबंधन में कन्जर्वेटिव ऑस्ट्रियन पीपुल्स पार्टी (ओ.वी.पी.) और दक्षिण पंथी फ्रीडम पार्टी ऑफ ऑस्ट्रिया शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख रूप से सरकार की प्रवासी नीति को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाया।

प्रदर्शनकारियों ने इसके अलावा कार्य दिवस को कम करने और कठोर उपायों को रद्द करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के कारण कई सड़कें बंद रहीं जिससे सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हुआ। विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। गौरतलब है कि 2015 से ही यूरोपीय देश प्रवासी संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका के देशों में गरीबी और गृह युद्ध की स्थिति के कारण हजारों की संख्या में शरणार्थी यूरोपीय देशों में आ रहे हैं। ऑस्ट्रिया उन यूरोपीय देशों में से एक है जो प्रवासियों के प्रवाह को कम करने के इच्छुक हैं। 

Tanuja

Advertising