भारतीय मूल की अमेरिकी वकील ने प्रमुख प्रशासनिक पद की शपथ ली

Saturday, Jan 20, 2018 - 10:06 PM (IST)

वाशिंगटन: भारतीय मूल की जानी-मानी अमेरिकी वकील मनीषा सिंह ने शनिवार को विदेश विभाग में एक प्रमुख प्रशासनिक पद की शपथ ली और वह अमेरिकी आर्थिक कूटनीति की प्रभारी बन गई है। 

उत्तर प्रदेश में जन्मीं सिंह (45) आर्थिक और व्यापारिक मामलों में सहायक विदेश मंत्री के रूप में नियुक्त होने वाली पहली महिला हैं। उन्हें विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने शपथ दिलाई। वह वर्तमान में विदेश विभाग में उच्च पद पर भारतीय अमेरिकी अधिकारी है। सिंह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मंत्री टिलरसन द्वारा शपथ दिलाया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम अमेरिकी विकास को बढ़ावा देंगे और हमारे भविष्य को सुरक्षित करेंगे।’’ अमेरिकी सीनेट द्वारा दो नवम्बर को पुष्टि किए जाने के बाद सिंह औपचारिक रूप से 28 नवम्बर को विदेश विभाग में कार्यरत हुई थी। 

विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नाउर्ट ने कहा, ‘‘वह काफी अनुभव के साथ विभाग में आई थी और उनके इस अनुभव से विदेशों में हमारे आर्थिक और व्यापारिक प्रयासों को फायदा पहुंचेगा।’’ धाराप्रवाह रूप में हिन्दी बोलने वाली सिंह इससे पहले ब्यूरो ऑफ इकोनामिक, एनर्जी एवं बिजनेस अफेयर्स में उप सहायक सचिव थी। उन्होंने अमेरिकी यूनिर्विसटी वाशिंगटन कॉलेज आफ लॉ से अंतरराष्ट्रीय कानून अध्ययन में एल एल.एम की डिग्री हासिल की है। इससे पहले उन्होंने यूनिर्विसटी ऑफ फ्लोरिडा कॉलेज ऑफ लॉ में भी पढ़ाई की थी। उन्होंने 19 वर्ष की उम्र में मियामी विश्वविद्यालय से बीए की डिग्री पूरी की थी। 

Advertising