अमेरिका ने अमेरिकी नागरिकों को जल्द से जल्द इथियोपिया छोड़ने की सलाह, जानिए वजह

Saturday, Nov 06, 2021 - 07:08 AM (IST)

वॉशिंगटनः अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इथियोपिया में अस्थिर सुरक्षा माहौल के बीच सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए अमेरिकी नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। 

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी सलाह में कहा, ‘‘इथियोपिया में सुरक्षा के लिहाज से माहौल बिगड़ रहा है। हम इथियोपिया में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह देते हैं। विदेश मंत्रालय देश छोड़ने के इच्छुक लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है और उन्हें सलाह देता है कि वे अधिक जानकारी के लिए इथियोपिया में बने अमेरिकी दूतावास से संपर्क करें।'' 

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को इथियोपियाई मीडिया में ये खबरें आई थी कि पार्लियामेंट के निचले सदन ने देश के नागरिकों को विद्रोहियों से बचाने की अंतिम कोशिश के बाद देश में आपातकाल की स्थिति लागू करने को मंजूरी दे दी है। विद्रोहियों ने 31 अक्टूबर को अदीस अबाबा की राजधानी के उत्तर में स्थित कोम्बोल्चा शहर पर नियंत्रण कर लिया है और वे दक्षिण की ओर बढ़ रहे हैं। 

गौरतलब है कि इथियोपिया सरकार और टाइग्रे पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट (टीपीएलएफ) के विद्रोहियों के बीच नवंबर 2020 से देश के उत्तरी क्षेत्रों पर नियंत्रण को लेकर संघर्ष चल रहा है, जब सरकार ने टीपीएलएफ पर एक सैन्य अड्डे पर हमला करने का आरोप लगाया था। इथियोपियाई सरकार ने पड़ोसी इरिट्रिया के समर्थन से टाइग्रे में एक सैन्य अभियान शुरू किया था। 

Pardeep

Advertising