शिंजो आबे की हत्या के बाद जापानी PM किशिदा ने लिया सबक, शीर्ष नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने का दिया आदेश

Friday, Jul 08, 2022 - 06:49 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने शुक्रवार को कैबिनेट मंत्रियों और अन्य नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया। पश्चिमी जापान के नारा में एक चुनाव अभियान के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या की घटना के बाद यह कदम उठाया गया है। घटना के बाद किशिदा और उनके कैबिनेट मंत्री देशभर में अन्य प्रचार अभियानों को बीच में रोक कर तोक्यो लौट आए।

प्रधानमंत्री ने हमले को ‘कायराना और बर्बर' बताते हुए इसकी आलोचना की। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार दोपहर करीब 20 मिनट तक राष्ट्रीय जन सुरक्षा आयोग के अध्यक्ष निनोयू सातोशी, न्याय मंत्री फुरुकावा योशीहिसा और अधिकारियों के साथ हमले के बाद के हालात पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे कभी भी हिंसा और आतंकवाद के आगे नहीं झुकें।

‘क्योदो न्यूज' की खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को रविवार को होने वाले उच्च सदन के चुनाव से पहले कैबिनेट मंत्रियों और अन्य की सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश दिया क्योंकि चुनाव लोकतंत्र की नींव हैं। निनोयू ने राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी के प्रमुख नाकामुरा इतारू को कैबिनेट मंत्रियों और देश के अन्य शीर्ष नेताओं को पुख्ता सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया। जापान में बंदूक हिंसा के मामले बेहद कम हैं, जहां बंदूक नियंत्रण को लेकर दुनिया में सबसे सख्त कानून लागू हैं।

rajesh kumar

Advertising