ब्रिटेन में सिख टैक्सी चालक ने बचाई नाबालिग की इज्जत, बन गया ‘हीरो’

Friday, Dec 01, 2017 - 02:44 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: ब्रिटेन में 13 साल की एक लड़की को अपहरण और यौन शोषण से बचाने वाला सिख टैक्सी चालक सतबीर अरोड़ा ब्रिटेन के लोगों का ‘हीरो’ बन गया है। सतबीर को इस बहादुरी भरे कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को 13 वर्षीय लड़की ने ऑक्सफोर्डशायर स्थित अपने घर से ग्लूसेस्टर ट्रेन स्टेशन जाने के लिए सतबीर की टैक्सी बुक की थी। वह स्कूल की ड्रेस में थी। सतबीर ने कई बार उस लड़की से बात भी करना चाही लेकिन उसने कोई सही जवाब नहीं दिया। 

बताया जाता है कि 24 वर्षीय सैम हेविंग्स पहले से ही स्टेशन पर उसका अपहरण करने के लिए घात लगाए बैठा था। आरोपी इस फिराक में था कि किशोरी जैसे ही आएगी वह उसका अपहरण कर लेगा। उसने सोशल मीडिया पर एक पीड़िता के अपहरण और नशीला पदार्थ खिलाकर उसके संग दुष्कर्म करने की बात की थी। वह लड़की भी उस आरोपी से ही मिलने जा रही थी। जब लड़की से मिलने कोई नहीं आया तो सतबीर ने उससे पूछा लेकिन उसने अधिक जानकारी नहीं दी। लड़की के मां बाप को नहीं पता था कि वह कहां है। इस पर सतबीर ने पुलिस को जानकारी दी और लड़की को एक अपराधी का शिकार होने से बचा लिया गया। 

Advertising