हैकरों ने उड़ाया चीनी पुलिस डाटाबेस से एक अरब लोगों का डाटा, बेचने के लिए की ये पेशकश

Wednesday, Jul 06, 2022 - 01:54 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः हैकर ने शंघाई पुलिस के एक डेटाबेस से एक अरब चीन वासियों से संबंधित डेटा हासिल करने का दावा किया है। अगर इस हैकिंग की पुष्टि हो जाती है तो यह इतिहास में सबसे बड़ी डेटा चोरी की घटनाओं में से एक होगी। ऑनलाइन हैकिंग मंच ‘ब्रीच फोरम्स' पर पिछले सप्ताह एक पोस्ट में किसी ने ‘चाइनाडैन' नामक हैंडल का इस्तेमाल करते हुए करीब 24 टेराबाइट डेटा बेचने की पेशकश की। उसने दावा किया कि यह जानकारी चीन के एक अरब लोगों से संबंधित है और दो लाख डॉलर मूल्य के 10 बिटकॉइन से जुड़ी है।

 

डेटा में कथित रूप से शंघाई राष्ट्रीय पुलिस के डेटाबेस की जानकारी है जिनमें लोगों के नाम, पते, राष्ट्रीय पहचान संख्या और मोबाइल फोन आदि का विवरण है। ‘द एसोसिएटिड प्रेस' द्वारा देखे गये डेटा के इस तरह के एक नमूने में नाम, जन्म तिथियां, आयु और मोबाइल नंबरों की सूची थी। उदाहरण के लिए एक नाम ‘‘2020 में जन्मे व्यक्ति'' के तौर पर सूचीबद्ध है और आयु के सामने ‘1' लिखा है जिससे पता चलता है कि डेटा में नाबालिगों की जानकारी भी है। हालांकि ‘एपी' अभी डेटा के नमूनों की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका है।  

Tanuja

Advertising