खुदकुशी की थी तैयारी, एक फोन कॉल ने बचा ली जान !

Saturday, Sep 02, 2017 - 01:16 PM (IST)

वॉशिंगटनः अक्सर फिल्मों में देखा जाता है कि आत्महत्या करने जा रही लड़की को हीरो आकर बचा लेता है लेकिन असल जिंदगी में एक लड़की के फोन ने आत्महत्या करने जा रहे लड़के की जिंदगी बचा ली। कम से कम इस लड़के की जिंदगी में तो ऐसा ही हुआ। जिंदगी से हताश केविन वॉल्श आत्महत्या करने जा रहा था। तभी उसका फोन बजा और अपनी जिंदगी खत्म करने जा रहे केविन के कदम ठिठक गए। दूसरी तरफ फोन पर एक लड़की थी। जिसका नाम ब्लेक था। उसी लड़की की समझाइश के बाद केविन की जिंदगी बची और दोनों शादी के बंधन में बंध गए। वो भी पूरे दस साल बाद। 

केविन-ब्लेक की प्रेम कहानी भी काफी दिलचस्प है। दोनों की मुलाकात एक समर कैंप में हुई थी, जब वो 13 साल का था। लेकिन इसके बाद हाई स्कूल की पढ़ाई की वजह से दोनों एक दूसरे से दूर हो गए। लेकिन फिर भी केविन के दिल में ब्लेक की यादें बसी रहीं। जिस दिन केविन खुदकुशी करने जा रहा था। उस दिन अचानक अंजान नंबर से उसके फोन पर फोन आया। खुदकुशी की कगार पर खड़े केविन ने मरने से पहले फोन उठा लिया और फोन किसी और का नहीं बल्कि बचपन की उसकी दोस्त ब्लेक का ही था। 

दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। केविन ने उसे बताया कि वो डिप्रेशन के दौर से गुजर रहा है। ये सुनते ही ब्लेक समझ गई और केविन को काफी देर तक फोन पर समझाया। उसकी समझाइश का ही असर रहा कि केविन ने खुदकुशी का ख्याल दिमाग से निकाल दिया। इस घटना के बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा। केविन ने पिछले साल अप्रैल में ब्लेक को प्रपोज किया और काले रंग के हीरे की अंगूठी दी। क्योंकि इसी काले रंग की पसंद से उनकी दोस्ती की शुरुआत हुई थी। प्यार का इजहार करने के 5 महीने बाद दोनों ने शादी कर ली।

Advertising