दूल्हे को एक शब्द पड़ गया भारी: शादी के महज 3 मिनट बाद ही तलाक, बन गया नया इतिहास !
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 01:32 PM (IST)
International Desk: कुवैत से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी महज 3 मिनट में ही टूट गई। इसे देश के इतिहास की सबसे छोटी शादी माना जा रहा है। यह घटना एक कोर्ट हाउस में हुई, जहां दूल्हा-दुल्हन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करके शादी के कागजों पर हस्ताक्षर किए। जज ने दोनों को पति-पत्नी घोषित कर दिया और सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन जैसे ही दोनों कोर्ट रूम से बाहर निकलने लगे, अचानक दुल्हन का पैर फिसल गया और वह गिरते-गिरते बची। इस समय जहां दूल्हे को उसे संभालना चाहिए था, वहीं उसने उसका मजाक उड़ा दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूल्हे ने सबके सामने दुल्हन को “बेवकूफ” कह दिया। यह बात दुल्हन को बेहद आहत कर गई। उसे उम्मीद नहीं थी कि शादी के पहले ही पल में उसका अपमान किया जाएगा। दुल्हन ने तुरंत गुस्से में आकर फैसला लिया और वापस जज के पास पहुंच गई। उसने साफ कहा कि वह इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहती और शादी को तुरंत खत्म किया जाए।जज ने भी इस पूरी घटना को अपनी आंखों से देखा था। दुल्हन की भावनाओं को समझते हुए उन्होंने बिना देरी किए शादी को रद्द कर दिया। इस तरह कागजों पर पति-पत्नी बनने के सिर्फ 3 मिनट बाद ही दोनों का कानूनी तौर पर तलाक हो गया।
सोशल मीडिया पर बहस
हालांकि घटना के साल और तारीख को लेकर कोई निश्चितता नहीं है लेकिन यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं । कई लोगों ने दुल्हन के फैसले को सही बताया।उनका कहना है कि “जहां सम्मान नहीं, वहां रिश्ता नहीं।” वहीं कुछ लोगों का मानना है कि इतनी छोटी बात पर तलाक लेना जल्दबाजी है। यह घटना एक बड़ा संदेश देती है कि किसी भी रिश्ते की नींव सम्मान और व्यवहार पर टिकी होती है। अगर शुरुआत ही अपमान से हो, तो रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सकता।
